जनपद के सभी स्कूल खुले, एमडीएम के तहत भोजन का भी हुआ वितरण
ललितपुर। पल्स पोलियो दवा पिलाने के लिए रविवार को जिले के सभी परिषदीय स्कूल खुले रहे। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वास्थ्य टीम के साथ पांच साल तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक दी।
जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित शिक्षकों को तैनात किया गया था। रविवार को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय खोले गए और यहां कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय में पहुंचे। प्राथमिक विद्यालय पनारी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मसौराकलां, प्राथमिक विद्यालय बालाढ़ाना, प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुरा सहित अन्य विद्यालयों में बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस दौरान बच्चों को एमडीएम के तहत खाना भी बनवाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को लेकर विद्यालय खुले रहे।