ललितपुर। कोतवाली अंतर्गत ग्राम रजवारा में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार ग्राम खौंखरा से लौट रहा था कि तभी तेज रफ्तार इंदौर से बार जा रही बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। उक्त बाइक सवार भूपेंद्र मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालक था, जो मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पूरी करके सुबह दस बजे ही निकला था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पिसनारी निवासी चंद्रभान ने बताया कि उसका बेटा भूपेंद्र मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालक था। उसकी ड्यूटी रात दस बजे से सुबह दस बजे तक इमर्जेंसी से नए मेडिकल कॉलेज तक मरीजों को एंबुलेंस में ले जाने की लगी थी। मंगलवार को सुबह दस बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बाइक से किसी काम से कैलगवां रोड स्थित ग्राम खोंखरा गया था। जब वह वापस लौट रहा था, तभी लगभग साढ़े बारह बजे ग्राम रजवारा में तालाब के मंदिर के पास इंदौर से ग्राम बार जा रही तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मारकर उसे रौंद डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी वहां पहुंच गए और रोने बिलखने लगे। मेडिकल कॉलेज से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था और उसकी एक बेटी है, जबकि पत्नी गर्भवती है।