ललितपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के तहत शुक्रवार को आप की छात्र युवा संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे एवं आप जिला पदाधिकारियों को पुलिस ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन देने जाने से पहले रोक दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष व आप जिला पदाधिकारियों की पुलिस से तीखी बहस हुई। एडीएम व एसपी द्वारा दखल देने पर मामला शांत हुआ।
आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारी शुक्रवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर छात्र युवा संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे, आप जिला प्रभारी व झांसी जिलाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, झांसी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अनुरुद्घ सिंह, आप जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी समेत अन्य पदाधिकारी जनपद की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन देने के लिए प्रभारी मंत्री के पास विकास भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में जाने लगे, लेकिन कार्यक्रम स्थल के पहले विकास भवन के गेट पर ही पुलिस ने उन्हें जाने से रोक दिया। इस पर आप कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री से मिलकर उन्हें सिर्फ ज्ञापन देकर अपनी बात रखने की बात कही, लेकिन पुलिस ने मंत्री द्वारा मिनट टू मिनट कार्यक्रम में कहीं भी ज्ञापन देने का कार्यक्रम नहीं होने की बात कहकर रोक लिया और वापस लौटने का कहा। इसी बात को लेकर संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष व आप जिला पदाधिकारियों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इसी दौरान हंगामा की स्थिति होते देख अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा व अपर पुलिस अधीक्षक डा.बृजेश कुमार सिंह भी कार्यक्रम स्थल से गेट के बाहर पहुंच गए और आप पदाधिकारियों को समझाकर वापस लौटा दिया। इसके बाद आप कार्यकर्ता प्रदेश शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वापस लौट गए। हालांकि, यहां पुलिस प्रशासन द्वारा उनकी गिरफ्तार की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन अपर जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद उन्हें जाने दिया गया।