ललितपुर। कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग ने बुधवार को ग्राम चीरा स्थित कबूतरा डेरा में छापा मारा जिसमें टीमों ने तीन सौ लीटर अवैध शराब मौके से जब्त की, जबकि चार हजार लीटर लहन नष्ट कर दिया गया।
पुलिस टीमों ने बुधवार की दोपहर में जैसे ही कबूतरा डेरा चीरा में दबिश दी तो वहां अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया और लोग मौके से भाग निकले लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई जा रही शराब के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी और वहां मौजूद ड्रमों में रखी करीब चार हजार लीटर लहन को जमीन व नालियों में फैलाकर नष्ट कर दिया। जबकि अन्य ड्रमों में तैयार की गई तीन सौ लीटर कच्ची शराब को जब्त कर लिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर संतोष उपाध्याय, सीओ सिटी फूलचंद, कोतवाली से इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह पटेल, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन झांसी राम आधार पाल, आबकारी निरीक्षक मनीष कुमार एवं ईश्वरदत्त तिवारी शामिल रहे।