नाजायज रिश्तों का खूनी बदला: प्रेम संबंध में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, मृतक के परिवार की महिला से हैं संबंध
पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही होगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक के परिवार की एक महिला से उसके संबंध थे।
विस्तार
लखीमपुर खीरी की धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव धरमुनियापुर (देवीपुरवा) निवासी युवक भाईलाल की गुरुवार की शाम उस वक्त चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जब वह खेत में अपने पिता को खाना देकर लौट रहा था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में आरोपी ने अपना गुनाह भी कबूल लिया है। बताया कि मृतक के परिवार की एक महिला से उसके संबंध थे। इसी के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धरमुनियापुर (देवीपुरवा) निवासी शत्रोहन लाल का 23 वर्षीय बेटा भाईलाल गुरुवार की शाम खेत की रखवाली कर रहे पिता को खाना देने के बाद घर लौट रहा था। पिता शत्रोहन लाल ने बताया कि श्री प्रकाश निवासी कफारा थाना धौरहरा ने उसके बेटे भाईलाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। जानकारी पर वह पहुंचे और गंभीर हालत में बेटे को सीएचसी धौरहरा लेकर गए, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया।
वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर आरोपी श्री प्रकाश निवासी कफारा धौरहरा को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही होगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक के परिवार की एक महिला से उसके संबंध थे। इसको लेकर कई बार वाद विवाद हुआ। इसी प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।