तिकुनिया। कस्बे से दो किलोमीटर की दूरी पर बह रही मोहाना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसके चलते ग्रामीणों में भू कटान की आशंका पैदा हो गई है। ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ रही हैं। मोहाना नदी में नेपाल की दो अन्य बड़ी नदियों कैलाली और पथरहिया का पानी आता है। बारिश में इन नदियों का पानी आने से मोहाना नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है।
भारत-नेपाल सीमा के बीच बहने वाली मोहाना नदी में बारिश के चलते बाढ़ आ जाने से नदी किनारे के गांव रननगर, सूरत नगर, टांडा, रामनगर मुजहा, जनकपुर, कौड़ियाला, नया पिंड के ग्रामीणों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है। ग्राम पंचायत सूरतनगर के प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार ने बताया कि फिलहाल अभी जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, कटान की शुरुआत नहीं हुई है लेकिन यदि इसी तरह बारिश होती रही और जलस्तर अधिक बढ़ा तो कटान शुरू हो जाएगा। फिलहाल किसानों में नदी का जलस्तर बढ़ने से चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।