लखीमपुर खीरी: राजकीय इंटर कॉलेज के चारों तरफ कमर तक पानी, विद्यार्थियों ने डीएम से लगाई जल निकासी की गुहार
बांकेगंज के राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र मंगलवार को जलभराव की समस्या लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल के रास्तों पर कमर तक पानी भरा है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के बांकेगंज क्षेत्र के सलावतनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के चारों तरफ जलभराव है। इससे परेशान छात्र-छात्राएं मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम से मुलाकात कर समस्या बताई और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल के आसपास गहरे तालाब होने और बारिश के कारण परिसर तक पहुंचने वाले रास्तों पर कमर तक पानी भरा है। ऐसे में उन्हें पानी के बीच से गुजरकर स्कूल जाना पड़ रहा है। इससे जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि इस समस्या की शिकायत पहले गोला एसडीएम से भी की गई थी। एसडीएम मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन अभी तक जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
फरवरी में बोर्ड परीक्षा, पढ़ाई की चिंता
विद्यार्थियों ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी में होनी हैं। परीक्षा नजदीक होने के बावजूद जलभराव के कारण पढ़ाई सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। उन्होंने मांग की कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो और पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सके।
डीएम कार्यालय में बच्चों की वार्ता मुख्य विकास अधिकारी योगानंद पांडे से हुई, उन्होंने बच्चों को आश्वासन दिया कि स्कूल का पानी इंजन लगवाकर निकलवा दिया जाएगा और बाहर का पानी सूखने के बाद रास्ते पर एक ऊंची से पुलिया बनवाई जाएगी, जिससे यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाए।