Lakhimpur Kheri: मैलानी-नानपारा रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन बहाल, यात्रियों को मिली राहत; 30 जून से था बंद
मैलानी-नानपारा रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन मंगलवार से दोबारा शुरू हो गया। इस रेलमार्ग पर 30 जून से ट्रेनों का संचालन बंद था। ट्रेनों का संचालन बहाल होने से यात्रियों को राहत मिली है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में मैलानी-नानपारा रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन मंगलवार से दोबारा शुरू हो गया। मैलानी से नानपारा के लिए दो पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय से रवाना हुईं। नानपारा से मैलानी की ट्रेनें बुधवार से चलेंगी। ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
मैलानी-नानपारा रेलमार्ग के भीरा और पलिया स्टेशनों के बीच बाढ़ और बारिश से रेलपथ के किनारे जलभराव होने के साथ ही रेलपथ के नीचे से पानी रिसने लगा था। इस कारण 30 जून से इस रेलमार्ग पर रेलों का संचालन बंद कर दिया गया था। रेलपथ दुरुस्त करने के बाद मंगलवार से ट्रेन संचालन दोबारा बहाल किया गया।
मैलानी से सुबह 7:20 बजे ट्रेन नंबर 52264 और 8:50 बजे ट्रेन नंबर 52264 रवाना हुई। ट्रेन नंबर 52264 के इंजन में लोको इंस्पेक्टर राजकुमार भी सवार होकर गए। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक रामेंद्र, जीआरपी चौकी प्रभारी सुधेश कुमार भी मौजूद रहे।
अमर उजाला की खबर पर लगी मुहर
मैलानी-नानपारा रेलमार्ग पर चार नवंबर से ट्रेनें दोबारा चलने से अमर उजाला की खबर पर मुहर लग गई है। हमने 29 अक्तूबर के अंक में मैलानी-नानपारा के बीच नवंबर के पहले सप्ताह से ट्रेनें चलने की उम्मीद शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। नवंबर के पहले सप्ताह में ट्रेनें चलना शुरू भी हो गईं।