लखीमपुर में दर्दनाक हादसा: वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत, जन्मदिन में जा रहे थे तीनों
Lakhimpur Kheri Road Accident News: लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हो गया।बेड़नापुर गांव के निकट तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दोस्तों को रौंद दिया, जिससे तीन दोस्तों की मौत हो गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार की रात गांव बेड़नापुर के पास हुआ। तीनों युवक अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब साढ़े नौ बजे रामापुर चौकी पुलिस ने उनके घरवालों को हादसे की सूचना दी। रोते बिलखते हुए परिजन अस्पताल पहुंचे। क्षत-विक्षत शवों और बाइक के टुकड़े देख लोगों की रूह कांप गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लखीमपुर जा रहे थे तीनों
सदर कोतवाली के महेवागंज निवासी और टेंट व्यवसायी कौशल चक्रवर्ती ने बताया कि छोटा बेटा अंकुल (18) घर में स्थित टेंट की दुकान पर काम कराने के बाद शाम लगभग छह बजे बड़े बेटे की बाइक लेकर अकेले घर से निकला था। पूछने पर उसने लखीमपुर में एक दोस्त के जन्मदिन में जाने की बात कही। बाद में पता चला कि पड़ोस के ही हाजीपुरवा गांव निवासी फुटवियर दुकानदार निसार का पुत्र मोहम्मद समीर और सदर कोतवाली के पचकोरवा गांव निवासी सतीश का पुत्र मोहित (20) भी साथ था।
रामापुर चौकी पुलिस ने दी सूचना
कौशल ने बताया कि रात करीब 9:30 पर रामापुर चौकी पुलिस ने कॉल कर सड़क हादसे में बेड़नापुर पेट्रोल पंप के पास बेटे की मौत की सूचना दी। एक-एक कर तीनों मृतकों परिजन मौके पर पहुंचे। शवों की हालत देख परिजन बिलख पड़े। चीख-पुकार मच गई। आशंका है कि किसी तेज रफ्तार वाहन से बाइक को टक्कर लगी है। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।