Lakhimpur Kheri: डिवाइडर से टकराई बाइक, 15 साल के किशोर की मौत, युवक घायल
अदनान अपने मामा के वलीमा कार्यक्रम में आया था। रिश्तेदार के बाद कुछ सामान लेने बाजार गया था, वहां से लौटते वक्त हादसा हो गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां में संपूर्णानगर मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। दोनों विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सामान खरीदने बाजार गए थे। लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए।
निघासन थाना क्षेत्र के खैरीगढ़ के मूल निवासी फारूख खां का 15 वर्षीय पुत्र अदनान मोहल्ले में ही अपने मामा के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। यहां मैलानी के अंगदपुर गांव निवासी असलम का 19 वर्षीय पुत्र अरबाज भी था। दोनों कोई सामान लेने के लिए बाजार बाइक से निकले थे।
पलिया मांटेसरी स्कूल के पास हुआ हादसा
संपूर्णानगर मार्ग पर पलिया मांटेसरी स्कूल के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे पीछे बैठे अदनान की मौत हो गई, जबकि अरबाज बुरी तरह से घायल हो गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां अदनान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अरबाज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
अदनान के मामा की दो दिन पूर्व ही शादी हुई थी। मंगलवार को घर में शादी को लेकर वलीमा कार्यक्रम का आयोजन था। जिसके लिए मेहमानों की भीड़ भी घर पर लगी थी। इस दौरान खबर आई कि अदनान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इसके बाद शादी की खुशियों मातम में बदल गईं।