Lakhimpur Kheri: कॉलेज के जर्जर भवन का प्लास्टर गिरने से छात्र जख्मी, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
युवराज दत्त महाविद्यालय जिले का सबसे पुराना कॉलेज है। बृहस्पतिवार को कॉलेज के पुराने भवन का प्लास्टर गिर गया, जिससे एक छात्र घायल हो गया। इससे कॉलेज में अफरातफरी मच गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में बृहस्पतिवार को युवराज दत्त महाविद्यालय के पुराने भवन में अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक छात्र जख्मी हो गया। बताया गया है कि छत पर पानी भरा रहता है, जिससे प्लास्टर फूल गया था। मामले की जानकारी होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर में हंगामा किया। प्राचार्य ने शुक्रवार से मरम्मत का कार्य शुरू करने की बात कही है।
युवराज दत्त महाविद्यालय जिले का सबसे पुराना कॉलेज है। समय समय पर भवन की मरम्मत का कार्य भी कराया जाता है। बृहस्पतिवार को कॉलेज में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब पुराने भवन की छत का प्लास्टर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लास्टर का एक हिस्सा छात्र के हाथ पर गिरा जिससे वह जख्मी हो गया। मामले की जानकारी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को हुई तो कालेज परिसर में हंगामा कर दिया।
छात्रों ने आंदोलन की दी चेतावनी
विभाग संयोजक अमन गुप्ता ने बताया कि यह घटना महाविद्यालय की जर्जर व्यवस्था और बदहाली को उजागर कर रहा है। कहा कि यदि जल्द से जल्द महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं व भवन मरम्मत का कार्य नहीं कराया जाता है तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
प्राचार्य ने कॉलेज परिसर में हंगामा कर रहे विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों को शांत कराया और शुक्रवार से ही मरम्मत कार्य का लिखित आश्वासन भी दिया। इस मौके पर सुधांशु प्रजापति, नगर मंत्री शिखर तिवारी, ऐश्वर्य सिंह, उमंग, सूरज, मानस ठाकुर, उत्कर्ष, दिव्यांश, हर्षित यादव, ऋषभ, विकास प्रिंस, कृष्ण आदि दर्जनों विद्यार्थी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि कक्ष के बाहरी हिस्से का प्लास्टर गिर गया था, छत को शुक्रवार को दुरूस्त करा दिया जाएगा। भवन पुराना है, समय-समय पर मरम्मत कार्य कराया जाता रहता है।