Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर-मैलानी रेलखंड से गुजरेगी सत्याग्रह और कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस
बरेली-रोजा रेलखंड पर इंटरलॉकिंग के काम की वजह से ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। इसके चलते सत्याग्रह एक्सप्रेस, कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल का संचालन लखीमपुर-मैलानी रेलखंड से किया जाएगा।
विस्तार
बरेली-रोजा रेलखंड पर इंटरलॉकिंग का कार्य होने की वजह से सत्याग्रह एक्सप्रेस दो दिन और कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल एक दिन परिवर्तित मार्ग लखीमपुर-मैलानी रेलखंड से गुजरेंगीं। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गोरखपुर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन-रोजा रेलखंड के मीरानपुर कटरा स्टेशन की डाउन लूप लाइन के प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होने की वजह से कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है।
13 और 15 अगस्त को चलने वाली ट्रेन संख्या बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार टर्मिनल (सत्याग्रह एक्सप्रेस) 14009 परिवर्तित मार्ग सीतापुर-पीलीभीत-बरेली सिटी-रामगंगा के रास्ते चलेगी। वहीं 15 अगस्त को चलने वाली कामाख्या-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस (15621) परिवर्तित मार्ग रामगंगा-बरेली सिटी-पीलीभीत-सीतापुर के रास्ते चलाई जाएगी। परिवर्तित मार्ग से चलने की वजह से ये ट्रेनें लखीमपुर से होकर गुजरेंगीं।
लखनऊ-दिल्ली के लिए मिला नया रेलमार्ग
लखनऊ-सीतापुर-लखीमपुर-पीलीभीत खंड का आमान परिवर्तन होने के बाद लखनऊ से दिल्ली के लिए एक नया रेलमार्ग जुड़ गया है। इस मार्ग पर तीन जोड़ी नई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की रेल मंत्रालय से अनुमति मिलने के बावजूद इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रवासी लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत होते हुए दिल्ली, पंजाब आदि जगहों के लिए ट्रेनें चलवाने की मांग कर रहे हैं।
बहराइच-गोंडा रेल लाइन को ब्रॉडगेज किया जाए: सांसद
खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने मैलानी से बहराइच गोंडा रेल लाइन को ब्रॉड गेज परिवर्तन कराने के लिए रेल मंत्री से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने शारदा नदी की बाढ़ में कटे पलिया-भीरा रेल मार्ग को भी अविलंब ठीक कराने के लिए पत्र दिया है। सांसद ने रेल मंत्री से जनता की परेशानियों को भी बताया है।
सांसद ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान बताया लोकसभा 28-खीरी में पलिया से बेलराया तक रेल लाइन का अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र से गुजरता है। इसको हटाने के लिए कई याचिकाएं लंबित हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पलिया से बेलरायां रेल मार्ग को हटा कर पलिया से निघासन और निघासन से बेलरायां नई रेल लाइन बनाई जाए।
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि शारदा की बाढ़ से पलिया भीरा की बीच करीब 200 मीटर कट गई है। इससे रेल मार्ग अवरुद्ध है। इसे अतिशीघ्र ठीक कराया जा। सांसद उत्कर्ष वर्मा ने लखनऊ की तरफ से चलकर लखीमपुर-खीरी होते हुए दिल्ली तक और लखनऊ की तरफ से चलकर हरिद्वार की ओर ट्रेनें बढ़ाने के लिए कहा है।