लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर कोन में जमीन की खरीद-फरोख्त के बाद भुगतान की चेक बाउंस होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी ने 2.50 लाख रुपये का चेक दिया था, जो बैंक में लगाने पर डिसऑर्नर हो गया। इसके बाद पीड़ित ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला हिदातनगर निवासी मुस्ताक अली ने बताया कि सलेमपुर कोन में उसका 25 वर्ग फिट का प्लाट है। इसका कुछ हिस्सा बेचने के लिए खरीदारों से बातचीत हुई थी। उसने पीछे साइड की जमीन बेचने की बात पांच लाख में तय की थी, जिसका बैनामा चार सितंबर 2021 को सदर तहसील में कराया गया। आरोप है कि खरीदारों ने बैनामा में रोड साइड का प्लॉट लिखा लिया, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये तय थी। इसके बाद भुगतान के लिए 2.50 लाख रुपये का इंडियन बैंक शाखा अटकोनवा का चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर डिसऑनर हो गया। पीड़ित मुस्ताक अली की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सदुल्लापुर निवासी रमेश सिंह, सलेमपुर कोन निवासी विवेक वर्मा और देउवापुर निवासी अतुल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओें में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।