UP: प्रसूता की मौत के बाद डॉक्टरों ने कर दिया रेफर, अस्पताल में मरीजों को बंदकर स्टाफ फरार; हंगामा
गर्भवती महिला को चार अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से उसका प्रसव कराया गया। बच्ची का जन्म हुआ, जिसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। छठे दिन उपचार के दौरान महिला की भी मौत हो गई। आरोप है कि डॉक्टरों ने जानकारी छिपाते हुए मृत महिला को रेफर कर दिया।
विस्तार
गोला गोकर्णनाथ में लखीमपुर मार्ग स्थित मधु अस्पताल में एक प्रसूता की मौत के बाद उसके परिजनों ने हंगामा किया। घटना के बाद स्टाफ मरीजों को अस्पताल में बंद कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। करीब ढाई घंटे तक अस्पताल के अंदर मरीज बंद रहे।
मैलानी थाना क्षेत्र की ग्रंट नंबर 10 ग्राम पंचायत के गंगापुर निवासी मदन सिंह ने बताया कि उसने अपनी 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी निर्मला को चार अगस्त को मधु हॉस्पिटल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। उसी रात करीब 2:30 बजे अस्पताल में बड़े ऑपरेशन से प्रसव कराया गया। बच्ची का जन्म हुआ, जिसकी सुबह 5:30 बजे के करीब मौत हो गई।
मृत महिला को कर दिया रेफर
अस्पताल में उसकी पत्नी निर्मला का इलाज चलता रहा। जबकि डॉक्टर ने जच्चा बच्चा दोनों की सुरक्षा की गारंटी ली थी। छठे दिन मंगलवार सुबह निर्मला की हालत बिगड़ गई। पति मदन सिंह का आरोप है कि मौत हो जाने के बावजूद डॉक्टरों ने मामले को छिपाते हुए निजी एंबुलेंस में निर्मला को लिटा दिया और कहा कि हालत गंभीर है बाहर ले जाना पड़ेगा।
रास्ते में लखीमपुर के आगे एक दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट कर दिया और मदन सिंह को धक्का देकर उस में बैठाने लगे। शक होने पर मदन ने विरोध किया। यह देख अस्पताल स्टाफ के तीन लोग निजी एंबुलेंस में बैठकर भाग गए। मदन ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
ढाई घंटे बंद रहे मरीज
दूसरी एंबुलेंस से मदन सिंह पत्नी के शव को वापस मधु हॉस्पिटल लाया। यहां स्टाफ मरीजों को अस्पताल में बंदकर फरार हो चुका था। इस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होने पर नानक चौकी के इंचार्ज गौरव सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। ढाई घंटे तक अस्पताल के अंदर नवजात और प्रसूता समेत पांच मरीज बंद रहे।
पुलिस ने पहुंचकर अस्पताल का शटर खुलवाया। वहीं जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के मेडिकल ऑफिसर एके द्विवेदी, बीसीपीएम योगेश कुमार ने मरीजों को गोला सीएचसी में शिफ्ट कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार दुबे ने कहा कि तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।