Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह के पोस्टर नेपाल बॉर्डर पर चस्पा, पंजाब पुलिस ने डाला डेरा
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के भगोड़ा घोषित होने के बाद से पंजाब पुलिस जगह-जगह छापे मार रही है। रविवार को बॉर्डर पर अमृतपाल सिंह के पोस्टर जगह-जगह चस्पा कर दिए गए हैं।
विस्तार
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के भगोड़ा घोषित होने के बाद से पंजाब पुलिस जगह-जगह छापे मार रही है। लखीमपुर खीरी में भारत-नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर पर रविवार को अमृतपाल सिंह के पोस्टर जगह-जगह चस्पा कर दिए गए हैं। इसके अलावा पलिया से आने और जाने वाली बसों की सघन तलाशी ली जा रही है।
बसों के अंदर सफर करने वालों से आधार कार्ड और अन्य पहचानपत्र लेकर देखे जा रहे हैं। डिगनिया तिराहे से बॉर्डर तक कई जगह चेक पोस्ट बनाकर चेकिंग की जा रही है। हर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है। साथ ही कागजात के साथ पहचानपत्र मांगा जा रहा है। सूंड़ा, बनगवां मंडी में भी एसएसबी व पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। चंदनचौकी की तरफ से नेपाल जाने वाले रास्ते पर भी मुस्तैदी बढ़ा दी गई है।
इसके अलावा चेक पोस्ट पर कस्टम द्वारा भी तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसके लिए नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों से भी संपर्क किया है, ताकि संदिग्ध दिखने पर वह भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साध सकें।
नदी, घाटों के रास्तों पर भी निगरानी
दुधवा नेशनल पार्क के जंगल के अंदर से निकलने वाली नदी, घाटों की तरफ से जाने वाले रास्तों पर एसएसबी तैनात कर दी गई है। साथ ही वन विभाग के सहयोग से एसएसबी द्वारा इन रास्तों पर नजर रखी जा रही है। जंगल के रास्तों से भी कोई इधर से उधर न हो पाए, इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां लगी हैं।
पंजाब पुलिस ने डाला डेरा
रविवार की देर शाम को पंजाब पुलिस पलिया पहुंच गई। पुलिस ने नेपाल सीमा पर तहकीकात की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से रास्तों को देखा और चेकिंग भी देखी। बताया जाता है कि पंजाब पुलिस यहां पर रुककर स्थानीय पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से आगे की कार्रवाई करेगी और चेकिंग और जांच में तेजी लाएगी।