दर्दनाक हादसा: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, मां की गोद से छूटा एक माह का मासूम, शारदा नदी में गिरा
बाइक सवार दंपती पलिया से घर जा रहे थे। महिला की गोद में बच्चा था। शारदा नदी के पुल पर अचानक सामने से रोशनी लगने पर बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। इससे महिला की गोद से बच्ची छिटककर नदी में जा गिरा।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां क्षेत्र में बुधवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। पलिया से बाइक पर माता-पिता अपने एक माह के बच्चे के साथ वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान शारदा नदी के पुल पर सामने से अचानक लाइट पड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई।
इससे महिला की गोद से एक माह का मासूम छिटककर नदी में जा गिरा। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। बच्चा नदी में गिरने से दोनों बदहवास हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मासूम की तलाश में गोताखोरों को लगाया, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चला।
बिजुआ क्षेत्र के गांव रामा लक्षना निवासी गुरवचन बुधवार को अपनी पत्नी सुमन और एक माह के बेटे को लेकर जांच कराने पलिया गए थे। वहां से वह रात करीब आठ बजे वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान शारदा पुल पर सामने से आ रही कार की रोशनी लगने से गुरवचन बाइक से नियंत्रण खो बैठा।
रेलिंग के बीच से निकलकर बच्चा नदी में गिरा
अनियंत्रित हुई बाइक पुल की रेलिंग से जा टकराई। इससे बाइक सवार दंपती घायल हो गए, जबकि सुमन की गोद से छिटक कर मासूम बच्चा रेलिंग के बीच से शारदा नदी में जा गिरा। नदी में मासूम बेटे के गिरने से मां सुमन बदहवास हो गई। बता दें कि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।
घटना की सूचना पर कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और घायल दंपती को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया में इलाज के लिए भिजवाया। बच्चे के नदी में गिरने से मां का रो रोकर बुरा हाल था। बच्चे की तलाश में एनडीआरएफ को लगाया गया है।