Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार वैन की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत, चाचा गंभीर घायल
गांव छत्तीपुर राजा निवासी युवक बाइक से अपने चाचा के साथ गोला से घर जा रहा था। रास्ते में खुटार रोड पर अहमदनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने बाइक को टक्कर मार दी।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में सोमवार रात खुटार मार्ग पर सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर घायल हो गया। घटना में मारूति वैन चालक के खिलाफ हैदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार की रात मैलानी थाना क्षेत्र के गांव छत्तीपुर राजा निवासी राम सिंह का 35 वर्षीय पुत्र शिशुपाल अर्कवंशी बाइक से अपने चाचा पंकज के साथ गोला से घर जा रहा था। रास्ते में खुटार रोड पर अहमदनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति वैन ने बाइक में टक्कर मार दी।
घायल जिला अस्पताल रेफर
बाइक से टकराकर मारुति वैन रोड के किनारे पक्की दीवार से जा टकराई। हादसे में शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा पंकज गंभीर घायल हो गया। वैन चालक भी चोटिल हो गया। घायलों को 108 एंबुलेंस से गोला सीएचसी भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पंकज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक शिशुपाल अपने दो भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे दो बच्चे, पत्नी टीपू देवी को छोड़ गया है। घटना में मृतक के चचेरे भाई रिंकू अर्कवंशी ने हैदराबाद थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। हादसे के बाद मारुति वैन चालक फरार हो गया। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।