लखीमपुर खीरी। धौरहरा थाना क्षेत्र में घर लौट रहे ग्रामीण से बाइक सवार तीन बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए और मरणासन्न हालत में छोड़कर बदमाश भाग निकले। ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेनी गांव निवासी ओमप्रकाश वर्मा 25 सितंबर 2021 को रेउहा चौराहे से सुंदरलाल वर्मा से 50 हजार रुपये लेकर साइकिल से चले और वहां से गुधरिया में हो रहे भंडारे में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में बेलवा मोती गांव के पश्चिम साइड पुलिया के पास शाम 7.30 बजे पहुंचे ही थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने साइकिल रोककर ओमप्रकाश से 50 हजार रुपये लूट लिए। जब ओमप्रकाश ने विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू व लाठी-डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। साइकिल लेकर बदमाश फरार हो गए। कुछ देर बाद उधर से गुजरे ग्रामीणों ने ओमप्रकाश को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो उनके परिजनों को सूचना दी। घायल को धौरहरा सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित के पुत्र पंकज कुमार ने घटना की तहरीर धौरहरा पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने रुपये लूट की बात तहरीर में न लिखने के लिए कहा। इससे पंकज कुमार वापस लौट गया और मंगलवार को घटना की तहरीर एसपी को देकर कार्रवाई की मांग की है।