Lakhimpur Kheri News: कोरोना की दस्तक... कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा संक्रमित
मतौली कस्बा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की एक छात्रा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वह कई दिनों से बीमार थी। उसकी जांच कराई गई तो आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में एक बार फिर से कोरोना वायरस ने दस्तक दी है। इस बार मतौली कस्बा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की एक छात्रा कोरोना संक्रमित मिली है। सीएमओ के निर्देश पर छात्रा के संपर्क में आने वाले 45 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही कोरोना के वैरिएंट की जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा आठ की एक छात्रा होली की छुट्टी पर घर गई थी। 14 मार्च को लौटने के बाद अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर उसे सीएचसी पर दिखाया गया। राहत न मिलने पर जब कोरोना जांच कराई गई तो आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ के निर्देश पर छात्रा के संपर्क में आने वाले 45 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। हालांकि एंटीजन जांच में कोई अन्य संक्रमित नहीं मिला है।
पॉजिटिव होने के बावजूद छात्रा दे रही परीक्षा
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद छात्रा को होम क्वारंटीन कर दिया गया है, मगर फिर भी छात्रा रोजाना घर से परीक्षा देने के लिए विद्यालय आ रही है। बताते हैं कि विद्यालय प्रशासन छात्रा को अलग बैठाकर परीक्षा दिलवा रहा है। पॉजिटिव छात्रा का विद्यालय जाकर पेपर देने से अन्य लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
कोरोना के आंकड़े
16 दिसंबर 2022 को मिले थे तीन संक्रमित
अब तक कुल मिले संक्रमित- 31193
जिले में एक्टिव केस- एक
अब तक लिए गए कुल सैंपल- 726464
मितौली सीएचसी के अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा की आरटीपीसीआर जांच पॉजिटिव है। इस पर विद्यालय की सभी छात्राओं, स्टाफ एवं छात्रा के घर वालों की जांच कराई गई। यह कोरोना का कौन सा वैरिएंट है। इसका पता लगाने के लिए छात्रा का सैंपल मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया है।
सायमा से शालिनी बनी युवती: हिंदू धर्म अपनाकर प्रेमी संग लिए सात फेरे, बोली- नहीं झेलना होगा तीन तलाक का दर्द
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन माया सिंह ने कहा कि छुट्टी से आने के बाद से छात्रा की तबीयत सही नहीं थी। जांच कराने पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस पर उसे घर भेज दिया है। हालांकि परीक्षा देने के लिए स्कूल आती है, जिसे अन्य छात्राओं से दूर बैठाया जाता है, जिससे अन्य छात्राओं को संक्रमण से बचाया जा सके।