UP News: लखीमपुर खीरी में चाय बनाने से मना करने पर बहू की निर्मम हत्या, ससुर ने चाकू से फाड़ डाला पेट
लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। खंजननगर गांव में एक ग्रामीण ने चाय बनाने से मना करने पर अपनी बहू की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी ससुर को हिरासत में लिया है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र के गांव खंजननगर में 60 साल के शरीफ गाजी ने शुक्रवार को सुबह अपनी बहू सिम्मी (35 वर्ष) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। शरीफ ने बांका व चाकू से बहू पर ताबड़तोड़ वार किए। उसका पेट फाड़ डाला। चेहरे पर भी कई वार किए। वारदात के बाद शरीफ घर के दरवाजे पर ही कुर्सी डालकर बांका और चाकू लेकर करीब दो घंटे तक बैठा रहा।
आरोपी के हाथ में खून से सना बांका और चाकू देख ग्रामीणों की जानकारी हुई। प्रधान प्रतिनिधि की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी शरीफ को हिरासत में लिया। घर के अंदर घुसी तो मंजर देख सन्न रह गई। महिला का लहूलुहान शव जमीन पर पड़ा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी शरीफ की पत्नी व अन्य बेटे बहुएं भी घर पर नहीं मिली। यहां तक कि मृतका की बेटी और बेटा भी लापता हैं। इनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने मृतका के परिजनों व पति की गैरमौजूदगी में ही शव को बिना पंचनामा भरे ही सील कर मौके से हटा दिया। कस्ता चौकी प्रभारी प्रशांत श्रीवास्तव ने मीडिया कर्मियों व स्थानीय लोगों को भी अंदर जाने से रोक दिया। जब पुलिस ने शव को सील कर दिया तब मीडिया कर्मियों को अंदर जाने दिया गया।
ये भी पढ़ें- दरिंदगी के बाद हत्या: दोबारा पोस्टमार्टम कराने पर अड़े परिजन, आरोप- धर्मांतरण के विरोध पर बेटी को मारा