Dudhwa: दुधवा में मच्छरों के हमले से जंगल से भाग रहे हाथी, किसानों की बढ़ा सकते हैं मुसीबत
बारिश के दिनों में जंगल में मच्छरों की भरमार हो जाती है। यह मच्छर सामान्य मच्छरों की अपेक्षा बड़े आकार के होते हैं। मच्छरों का काटना हाथियों के लिए भी बहुत कष्टदायी होता है।
विस्तार
दुधवा के जंगल में जंगली हाथी मच्छरों के हमले से परेशान हो रहे हैं। इसके चलते हाथी जंगल से निकलकर खेतों की तरफ रुख कर रहे हैं। हाथियों का खेतों में आना किसानों के लिए मुसीबत बन रहा है। इन दिनों नेपाल से आया हाथियों का झुंड दुधवा टाइगर रिजर्व में सक्रिय है। ऐसे में दुधवा में खास सतर्कता बरती जा रही है।
बारिश के दिनों में जंगल में मच्छरों की भरमार हो जाती है। यह मच्छर सामान्य मच्छरों की अपेक्षा बड़े आकार के होते हैं। इन्हें स्थानीय भाषा में डांस कहते हैं। मच्छरों का काटना हाथियों के लिए भी बहुत कष्टदायी होता है। मच्छर तकरीबन सभी वन्यजीवों को परेशान करते हैं, लेकिन हाथियों के शरीर पर बाल बहुत कम होते हैं। इससे हाथियों पर मच्छरों का हमला दूसरे जानवरों की अपेक्षा ज्यादा पीड़ादायक हो जाता है।
किसान हुए चिंतित
ऐसे में जंगल से निकलकर हाथी खेतों की तरफ आ जाते है। यह देखा गया है कि बरसात के मौसम में हाथी खेतों में पहुंच कर ज्यादा उत्पात मचाते हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व के आसपास यह समस्या तकरीबन हर साल आती है, जिसमें किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। बरसात आते ही हाथियों के खेतों में आने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- इश्क में टूटा दिल: रात में प्रेमिका के घर पहुंचा प्रेमी, वापस मांगे खर्च किए रुपये और गिफ्ट; खूब हुआ हंगामा
नेपाल से आया हाथियों का झुंड कुछ दिन पहले तक भारत-नेपाल सीमा पर गौरीफंटा रेंज में सक्रिय था। उम्मीद की जा रही थी कि हाथी नेपाल वापसी कर सकते हैं लेकिन अब हाथियों का यह झुंड सोनारीपुर रेंज होते हुए बेलरायां रेंज पहुंच गया है। यहां से इन हाथियों को जंगल से सटे खेतों में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इसको लेकर दुधवा पार्क प्रशासन अलर्ट हो गया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व में 150 से ज्यादा हैं हाथी
दुधवा टाइगर रिजर्व में वर्ष 2021 में हुई गणना के मुताबिक, मौजूदा समय में 150 से अधिक जंगली हाथी हैं। इनके अलावा नेपाल से भी समय-समय पर जंगली हाथी यहां आकर महीनों प्रवास करते हैं। कभी-कभी नेपाल के जंगली हाथियों को दुधवा का जंगल इतना रास आता है कि प्रवासी हाथी यहीं रुक जाते हैं और वापस नेपाल नहीं जाते।
इन इलाकों में हाथी मचाते हैं उत्पात
हाथी जंगल से निकलकर दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन की मैलानी, भीरा, पलिया, मझगईं और बेलरायां रेंज के आसपास खेतों में उत्पात मचाते हैं। यूं तो नेपाली हाथी सालभर यहां आते रहते हैं लेकिन हर साल अगस्त माह में नेपाल से हाथियों के बड़े झुंड आते हैं, जो यहां लंबा प्रवास कर किसानों की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डॉ. रंगाराजू टी. ने बताया कि नेपाली हाथियों का एक झुंड इन दिनों दुधवा में मौजूद है। इस समय यह बेलरायां रेंज में देखा जा रहा है। वन विभाग की टीमों को सतर्क किया गया है कि वह नजर रखें। जंगली हाथी खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान न पहुंचाएं।