Lakhimpur Kheri News: लेखपाल के सामने जमीन की नाप-जोख के दौरान महिला को पीटकर मार डाला
दो पक्षों के बीच भूमि विवाद पर लेखपाल नाप-जोख करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पर हमला कर दिया। महिलाओं को पीटा। इसमें बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
विस्तार
एक पक्ष ने तहसील प्रशासन और पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर भूमि की नपाई की मांग की थी। सोमवार को मौके पर पहुंचे लेखपाल जैनेंद्र कुमार जगह की नपाई कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के जयपाल, सोनेलाल, हरिश्चंद्र, पवन, त्रिभुवन आदि ने विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने दूसरे पक्ष के श्यामलाल की पत्नी रामवती (70) और उसकी बहू को पीट दिया।
मृतका के पति ने दी तहरीर
गंभीर घायल रामवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर एसडीएम रत्नाकर मिश्र, तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता, सीओ राजेश कुमार दल बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पति श्यामलाल ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गोला के एसडीएम रत्नाकर मिश्रा ने बताया कि दो पक्षों में जमीन का विवाद है। लेखपाल को जांच के लिए भेजा गया था। इसी दौरान मारपीट में वृद्धा की मौत हुई है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ गोला राजेश कुमार ने कहा कि विवाद के दौरान किसी ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला को धक्का दे दिया। गंभीर घायल होने पर उसकी मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।