लखीमपुर खीरी: चीनी मिल चलने से पहले किया जाए गन्ने का बकाया भुगतान, किसानों ने उठाई मांग
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने बकाया गन्ना भुगतान सहित विभिन्न मांगों का पांच सूत्री ज्ञापन सीडीओ को सौंपा। उधर, पलियाकलां में किसानों ने बैठक कर 300 करोड़ रुपये बकाया भुगतान दिलाए जाने की मांग की।
विस्तार
लखीमपुर के कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने बकाया गन्ना भुगतान सहित विभिन्न मांगों का पांच सूत्री ज्ञापन सीडीओ को सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष अंजनी कुमार दीक्षित की अगुवाई में पदाधिकारियों ने सीडीओ अनिल कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। इसमें किसान नेताओं ने कहा है कि बजाज ग्रुप खंभारखेड़ा, गोला, पालिया स्थित चीनी मिलों ने पिछले सत्र में मात्र एक महीने का ही भुगतान किया है।
चीनी मिल चलने से पहले संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान, महंगाई को देखते हुए गन्ने का प्रति क्विंटल मूल्य 500 रुपया कराने, मृतक किसान छोटेलाल के परिजनों को उचित मुआवजा और बजाज ग्रुप क्षेत्र के किसानों को कर्ज मुक्त करने, आवारा एवं जंगली पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी यदि मांगे पूरी न हुई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस मौके पर अजीत सिंह, दुलीचंद वर्मा, बाल गोविंद वर्मा, ब्रज बिहारी शुक्ला, संजय सिंह, भगवत गिरि आदि मौजूद रहे।
किसानों ने मांगा 300 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान
पलियाकलां में गन्ने का रुपया अब तक न मिलने से नाराज किसानों ने बैठक कर 300 करोड़ रुपये बकाया भुगतान दिलाए जाने की मांग की। मिल के जीएम केन ने 30 सितंबर तक 10 करोड़ और मिल चलने से पहले संपूर्ण बकाया भुगतान दिलाए जाने का आश्वासन किसानों को दिया है।
बुधवार को गन्ना समिति में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की आयोजित बैठक में संगठन के तहसील अध्यक्ष तरसेम सिंह ने कहा कि इस बार मिल चलने से पहले ही किसानों को बकाया भुगतान चाहिए। बैठक में चीनी मिल के जीएम केन राजीव तोमर ने कहा कि पिछले दो वर्षों से पिछले सालों की तुलना में मिल में पेराई की गई चीनी कम बनी है जिससे नुकसान हुआ है।
30 सितंबर तक 10 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के खातों में भेजा जाएगा और 21 सितंबर को एनसीएलटी में मिल के केस की सुनवाई है, जिसमें उम्मीद है कि मिल के पक्ष में फैसला आएगा। इससे किसानों का पिछला बकाया भुगतान अदा करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। बाकी मिल चलने से पहले संपूर्ण पिछला भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा।