गार्ड ने साथी गार्ड की गोली मारकर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खंभारखेड़ा स्थित बीएचएल (बजाज हिन्दुस्थान लिमिटेड) के पॉवर प्लांट में तैनात दो सुरक्षा गार्डों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताते हैं कि इससे गुस्साए गार्ड ने अपने साथी सुरक्षा गार्ड संजय यादव को रायफल से गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज पर मौके पर पहुंचे प्लांटकर्मी आननफानन में घायल गार्ड को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने संजय यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी गार्ड फरार है। सूचना पर पहुंची सीओ सिटी और सदर कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
मोहम्मदी थाना क्षेत्र के बर्रीयनपुरवा निवासी 30 वर्षीय संजय यादव एक प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी का गार्ड है। वह करीब डेढ़ साल से खंभारखेड़ा पॉवर प्लांट के गेट नंबर एक पर बतौर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। मंगलवार भी वह ड्यूटी पर तैनात था। बताते हैं कि मंगलवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे संजय यादव का उसी की कंपनी के साथी गार्ड से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इससे गुस्साए गार्ड ने अपनी रायफल से साथी गार्ड संजय को गोली मार दी। बताते हैं कि संजय यादव को दो गोलियां लगीं हैं। गोली चलने की आवाज पर मौके पर पहुंचे प्लांट कर्मी उसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी गार्ड फरार हो गया। सीओ सिटी हरिराम वर्मा ने बताया कि गार्ड संजय की गोली लगने से मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में साथी गार्ड द्वारा गोली मारे जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। अभी परिवार के लोगों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।