फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   दो लाख रुपये नहीं दिए तो बेटे को अगवा कर लूंगा 20 लाख की फिरौती

दो लाख रुपये नहीं दिए तो बेटे को अगवा कर लूंगा 20 लाख की फिरौती

Tue, 14 Nov 2017 11:17 PM IST
Updated Tue, 14 Nov 2017 11:17 PM IST
विज्ञापन
दो लाख रुपये नहीं दिए तो बेटे को अगवा कर लूंगा 20 लाख की फिरौती
पत्र - फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन
लखीमपुर खीरी।
थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव पोखरी स्थित एक ईंट भट्ठे पर छह दिन पहले किसी ने धमकी भरा पत्र टांगकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पत्र में दो दिन के भीतर रंगदारी न देने पर भट्ठे के एक पार्टनर के बेटे का अपहरण कर 20 लाख रुपये फिरौती लेने की धमकी दी। दो दिन से आरोपी एक ही मोबाइल नंबर से कॉल कर रुपये मांग रहा है। सोमवार देर शाम कॉल कर 24 घंटे में रुपये न मिलने पर बेटे के अपहरण की धमकी भी दी। पुलिस ने धमकी भरा पत्र मिलने के सातवें दिन रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन न तो कारोबारी को कोई सुरक्षा उपलब्ध कराई और न ही आरोपी को ट्रेस करने का प्रयास किया, जिससे ईंट भट्ठा स्वामी और उसका परिवार दहशत में है।
कस्बा बेलरायां निवासी बाबू भाई उर्फ आरिफ ने बताया कि वह पोखरी स्थित हिंद ब्रिक फील्ड के पार्टनर हैं। आठ नवंबर की सुबह भट्ठे के कर्मचारी जब सोकर उठे तो उनकी नजर कार्यालय के सामने रस्सी से बांधकर टांगे गए कागज पर पड़ी। पत्र को खोलकर देखा तो उसमें दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। लिखा था कि यदि 10 नवंबर तक रुपये नहीं मिले तो भट्ठे के पार्टनर बाबू भाई के बेटे का अपहरण कर लूंगा और तब 20 लाख रुपये फिरौती लूंगा। पत्र में भट्ठे के तीन अन्य पार्टनरों के भी नाम लिखे थे। मामले की सूचना पुलिस को न देने की भी धमकी दी गई थी। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद भट्ठा मालिकों ने तुरंत सिंगाही पुलिस को जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने इसे काफी हल्के में लिया।
विज्ञापन

बाबू भाई ने बताया कि दो नवंबर को एक व्यक्ति ने भट्ठे के पूर्व मुंशी, जो उनके ही मैलानी स्थित भट्ठे पर है, को शाम करीब सवा नौ बजे फोन किया। उससे उनका (बाबू भाई) का नंबर मांगा, लेकिन उसने नंबर नहीं दिया। इसके बाद 13 नवंबर को उनके मैनेजर फहीम के मोबाइल पर दोपहर 12 बजे दो कॉल आईं। रुपये न देने पर अपशब्द कहे। शाम को मुंशी फहीम के साथ घर पहुंचे। इसी बीच शाम करीब 6:30 बजे फिर कॉल आई।
विज्ञापन
विज्ञापन

मैनेजर के बताने पर उन्होंने खुद कॉल करने वाले से 3:15 मिनट तक गरमागरमी से बात की। इस पर उसने रात 10 बजे तक भट्ठे के पास पैसा पहुंचाने की धमकी दी। पैसा न मिलने पर देख लेने की बात कहते हुए बेटे का अपहरण करने फिर 20 लाख रुपये फिरौती लेने की धमकी दी। इस पर वह फिर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली और उन्हें लौटा दिया।
इसके बाद रात सवा दस बजे आरोपी ने फिर कॉल की और पूछा कि पैसा भट्ठे पर आ गया या नहीं। इस पर उन्होंने एसओ सिंगाही को फोन कर मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस फिर भी सक्रिय नहीं हुई।


दहशत में चार दिनों से
स्कूल नहीं गए हैं बच्चे
घर, भट्ठे पर पुलिस ने नहीं किए सुरक्षा के इंतजाम
- लगातार एक ही नंबर से आ रही कॉल
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
ईंट भट्ठा के पार्टनर से रंगदारी मांगे जाने और लगातार मोबाइल पर कॉल कर दी जा रही धमकियों के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस घटना को लेकर कतई गंभीर नहीं है, जबकि कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है। चार दिन से उनके बच्चे स्कूल नहीं गए हैं।
रंगदारी मांगने की घटना की शुरूआत सात नवंबर की रात से हुई। सुबह जब धमकी भरा पत्र लेकर भट्ठे के मालिक थाना सिंगाही पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस ने इसे काफी हल्के में लिया। यही पीड़ित भट्ठा स्वामी को महंगा पड़ गया। धमकी भरा पत्र देने वाला व्यक्ति कितना बेखौफ है? इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा रहा है कि वह एक ही नंबर से दो दिनों से दिन में एक नहीं तीन-चार बार कॉल कर लगातार धमकी दे रहा है। इसकी भी जानकारी पीड़ित ने थाने जाकर पुलिस को दी और बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग भी सुनाई, लेकिन पुलिस ने सिर्फ सोमवार को धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच दरोगा श्रीलाल को सौंप कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।
भट्ठा मालिक के मैनेजर से कॉल करने वाले व्यक्ति के बीच हुई वाइस रिकार्डिंग को सुने तो उसमें साफतौर पर भट्ठा कारोबारी के बेटे का अपहरण करने की धमकी दी जा रही है।


15 साल पहले भाई का
हो चुका है अपहरण
करीब 15 साल पहले जिले में टॉप टेन अपराधी ललित मोहन मुंडे का आतंक था। उस दौरान अपराधी मुंडे ने कोतवाली तिकुनियां और थाना सिंगाही क्षेत्र में कई लोगों का अपहरण किया था, जिन्हें बाद में फिरौती लेकर छोड़ दिया था। डकैती की घटनाएं भी की थीं। इन घटनाओं के दौरान मुंडे ने ईंट भट्ठा मालिक बाबू भाई के भाई का भी अपहरण किया था। बाद में फिरौती की रकम लेकर उसे छोड़ दिया था।

रोमन हिंदी में लिखा
है धमकी भरा पत्र
धमकी औैर रंगदारी मांगने वाला पत्र रोमन हिंदी में लिखा है। पत्र लिखने वाले की राइटिंग बता रही है कि पत्र लिखने वाला व्यक्ति पढ़ा लिखा है। साथ ही भाषा भी उसकी सधी हुई है।


मामला संज्ञान में है। गोपनीय ऑपरेशन चल रहा है। आरोपी को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम को भी लगाया गया है। पीड़ित के साथ कोई अनहोनी न हो? इसके लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है। शीघ्र ही आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed