लखीमपुर खीरी। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में कोरोना जांच के लिए सैंपल लेेने वाली टीम ने एक इंस्पेक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। टीम ने सीएमएस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
सीएमएस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर विद्याराम दिवाकर कोरोना जांच कराने के लिए आए थे, जिनका नियमानुसार सैंपल लिया गया। सैंपल देने के बाद इंस्पेक्टर चले गए। कुछ देर बाद फिर वापस आए और मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों से अभद्रता कर आरोप लगाने लगे कि आप लोगों के सैनिटाइज के दौरान वर्दी खराब हो गई। आरोप है कि वह देख लेने की धमकी देकर चले गए। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि ऐसी स्थिति में काम कर पाना बेहद मुश्किल है। राजकीय काम में बाधा पहुंचाने वाले इंस्पेक्टर पर कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। उधर, इंस्पेक्टर विद्या राम दिवाकर का कहना है कि गुरुवार को जांच के दौरान सैनिटाइजेशन प्रक्रिया में वर्दी भीग गई। पुलिस लाइन पहुंचने पर वर्दी के सूखने पर उसका रंग जाने की जानकारी हुई। इस पर कॉलेज जाकर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि ऐसी चीज का उपयोग न करे, जिससे कपड़े आदि खराब हो। अभद्रता करने का आरोप गलत है। सीएमएस को ज्ञापन देने के समय सुभाष वर्मा, शिव सिंह वर्मा, शिवेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे। संवाद