{"_id":"631c2d2fa9142402f5597a19","slug":"cm-yogi-adityanath-arrives-to-pay-tribute-to-bjp-mla-arvind-giri","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP News: सीएम योगी ने दिवंगत विधायक के परिजनों से मिलकर दी सांत्वना, बोले- उनके सपनों को करेंगे पूरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News: सीएम योगी ने दिवंगत विधायक के परिजनों से मिलकर दी सांत्वना, बोले- उनके सपनों को करेंगे पूरा
Sat, 10 Sep 2022 11:52 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, लखीमपुर खीरी
अमर उजाला नेटवर्क, लखीमपुर खीरी
Published by: विजय पुंडीर
Updated Sat, 10 Sep 2022 11:52 AM IST
सार
सीएम योगी आदित्यनाथ दिवंगत विधायक अरविंद गिरि को श्रद्धांजलि देने गोला पहुंचे। सीएम ने अरविंद गिरि के आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी।
विज्ञापन
दिवंगत विधायक अरविंद गिरि को श्रद्धांजलि देते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोला से भाजपा विधायक रहे अरविंद गिरि के आवास पर पहुंचे। उन्होंने अरविंद गिरि को श्रद्घांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया। 15 मिनट की मुलाकात में सीएम योगी ने विधायक के परिजनों से कहा कि पार्टी और सरकार उनके साथ खड़ी है। सारे अधूरे काम और विधायक का छोटी काशी कॉरिडोर का सपना पूरा किया जाएगा। गिरि का छह सितंबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
विज्ञापन
सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर सीएम योगी का हेलिकॉप्टर पब्लिक इंटर कॉलेज गोला के मैदान पर उतरा। 11 बजकर 40 मिनट पर वह दिवंगत विधायक अरविंद गिरि के लाल्हापुर स्थित फार्महाउस पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद पलिया विधायक रोमी साहनी और अरविंद गिरि के पुत्र अमन गिरि उन्हें घर के अंदर ले गए। सीएम योगी ने दिवंगत विधायक के फोटो पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
उन्होंने फार्म हाउस के अंदर अरविंद गिरि के समाधि स्थल पर पुष्पचक्र चढ़ाकर उन्हें नमन किया। घर के अंदर सीएम योगी ने 15 मिनट बिताए। इस दौरान अमन गिरि से कहा कि वह पिता के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाएं। सीएम योगी ने परिवार को आश्वस्त किया कि विधायक का अधूरा सपना पूरा किया जाएगा। पार्टी और सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है। इस दौरान दिवंगत विधायक की पत्नी सुधा गिरी, पुत्र अमन गिरी, पुत्री अंजली, मंजली, भाई जनार्दन गिरी, मधुसूदन गिरी, अजय (सफल्लु), धर्मेंद्र गिरी (मोंटी) सहित उनके परिवारीजन मौजूद रहे।
विज्ञापन
भोलेनाथ का किया अभिषेक
परिवार वालों से 15 मिनट की मुलाकात के बाद सीएम योगी 11 बजकर 55 मिनट पर पौराणिक शिव मंदिर के लिये निकल गए। यहां भगवान भोलेनाथ का पंचामृत से अभिषेक किया। 12 बजकर 17 मिनट पर मंदिर से सीएम का काफिला हेलिपैड के लिए रवाना हुआ। जहां से 12 बजकर 30 मिनट पर वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देते सीएम योगी