फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   Ugi Ugi, A Suruj Dev, Beriya of Bhail Arghiya...

उगीं उगीं ए सुरुज देव, भइल अरघिया के बेरिया...

Mon, 31 Oct 2022 10:52 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Mon, 31 Oct 2022 10:52 PM IST
विज्ञापन
Ugi Ugi, A Suruj Dev, Beriya of Bhail Arghiya...
पडरौना केवट टोली छठ घाट पर उगते हुए सूर्य को अर्घ्यं देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : KUSHINAGAR
उगीं उगीं ए सुरुज देव, भइल अरघिया के बेरिया...
विज्ञापन

- सूर्योपासना के महापर्व डाला छठ पर श्रद्धालुओं ने दिया उगते सूर्य को अर्घ्य
- निर्जल व्रती महिलाओं ने की माता छठ एवं भगवान सूर्य की उपासना
- मनौती के अनुसार कोशी भरकर छठमाता और भगवान सूर्य की आराधना की
पडरौना। लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ सोमवार को संपन्न हो गया। ब्रह्म मुहूर्त में ही छठघाटों पर पहुंचीं व्रती महिलाएं कहीं घुटने तो कहीं कमर भर पानी में खडे़ होकर सूर्योपासना के कठोर तप में लीन हो गईं। इसके साथ ही आदिदेव भुवन भाष्कर के उदय होने की प्रार्थना शुरू हो गई। छठ घाटों पर ...उगीं उगीं हे सुरुज देव, भईल अरघिया के बेरिया, सुन लीं अरजिया हमार ए छठी मइया, लिहलि अरघिया स्वीकार ए छठी मइया और कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए... जैसे छठ गीत गूंजते रहे।
छठ महापर्व के अवसर पर पडरौना शहर सहित अधिकतर जगह के छठ घाटों पर भगवती जागरण का आयोजन हुआ, जहां देवी भजनों भर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे। सूर्य की रश्मियों को बाहर आने में थोड़ा विलंब हुआ, लेकिन जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्योदय की लालिमा दिखी, अर्घ्य अर्पण की होड़ मच गई। घाटों पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। कुछ व्रतियों को पुरोहितों ने तो कुछ को परिवारीजनों ने अर्घ्य दिलाया। घाटों पर पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन

पडरौना नगर के छावनी स्थित भन्नुनाथ पोखरा के दोनों तटों पर छावनी, लाला टोला, बलुचहां, सेमरहना सहित कई गांवों के श्रद्धालु हर साल की भांति इस साल भी पहुंचे। कोशी भरने वाले श्रद्धालु तो भोर में ही छठ घाट पर पहुंच गए। व्रती महिलाएं अपनी-अपनी वेदी के समक्ष बैठकर छठ माता और भगवान सूर्य की आराधना में जुट गईं। क्षितिज पर जैसे ही भगवान भाष्कर पहुंचे, पानी में उतरकर व्रती महिलाओं ने उन्हें अर्घ्य दिया तथा सुहाग, बच्चों और परिवार की सलामती एवं सुख-समृद्धि की कामना की। कोशी भरने वाले श्रद्धालुओं ने अर्घ्य देने के बाद छठ घट पर बच्चों का मुंडन भी कराया। रात में छठघाट पर भवगती जागरण का आयोजन हुआ था। जहां भक्ति गीतों पर श्रद्धालु थिरकते रहे। यहां देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

नगरपालिका के वर्तमान चेयरमैन विनय जायसवाल व उनके सहयोगी श्रद्धालुओं की सहायता में लगे रहे। यही हाल आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारी में जुटे भावी प्रत्याशियों का भी रहा। वे भी अपने बैनर-पोस्टर छठघाट पर लगाए हुए थे और अपनी तरफ से जलपान की व्यवस्था की गई थी। यही हाल पडरौना नगर के सुराजी पोखरा, रामधाम पोखरा और बावली स्थित पोखरा पर भी रहा। इन छठघाटों पर आतिशबाजी भी देखने को मिली। आकर्षक ढंग से सजाए गए सभी छठघाटों पर मेला जैसा नजारा रहा। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के छठघाटों पर भी आस्था का सैलाब देखा गया। रामकोला रोड स्थित पेट्रोलपंप और रामधाम पोखरा स्थित छठघाट पर भी भगवती जागरण का आयोजन किया गया था।
स्वयंसेवी संस्था ने लगाया चाय का स्टॉल
आस्था ए हेल्पिंग हैंड संस्था की तरफ से पडरौना शहर और आस-पास के छठघाटों पर श्रद्धालुओं के लिए चाय का स्टॉल लगाया गया। इस संगठन के सदस्यों ने केवल छपरा, भटवलिया, बंधुछपरा, राजपूत कॉलोनी, छावनी, मंसाछापर बाजार, खेसिया, मंगरुआ कुटी, खिरकिया और कुकुरहां के छठघाट पर लगाए गए चाय स्टॉल पर श्रद्धालुओं को चाय पिलाई गई।
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व
अहिरौली बाजार। क्षेत्र के अहिरौली बाजार, सेंदुआर, तिनहवा, हरपुर सुक्खड़, सेंदुरिया विशुनपुर, घोड़ादेउर, लक्षीराय, बलुआ, जगदीशपुर, बरडीहा, घोघरा, मुजडीहा, पकड़ी, होलिया, परतावल, मुजहना, असना, महुई, खोट्ठा बाजार, भैसहीं, बरसैना, रामपुर झुरिया, भगवानपुर बुजुर्ग आदि गांवों के पोखरो व तालाबों के किनारे बनी वेदियों के पास सोमवार को डाला लेकर व्रती महिलाएं एवं पुरुष पहुंचे। 36 घंटे तक निर्जल उपवास करने के बाद महिलाओं ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी के साथ सूर्योपासना का यह महापर्व संपन्न हो गया।
घाटों पर दिखी छठ की छटा
मेंहदीगंज। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सोमवार को संपन्न हो गई। व्रती महिलाओं ने पकड़ी बांगर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठघाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।
देखते ही बन रही थी छठघाटों की आभा
डिबनी बंजरवा। क्षेत्र के नगर पंचायत तमकुहीराज, हरिहरपुर, भटवलिया, कोइंदी, बरियारपुर, माधोपुर बुजुर्ग, लतवा मुरलीधर, परसौनी बुजुर्ग, डिबनी बंजरवा, गोड़इता श्रीराम, रामपुर, मंझरिया, श्यामपट्टी, करनपट्टी, गोसाईपट्टी, मोरवन मठिया, भुलिया, चखनी आदि गांवों के छठघाटों पर विशेष साज सज्जा की गई थी। प्रकाश व्यवस्था से घाटों की छटा अनुपम हो गई। पारंपरिक लोकगीतों से छठघाटों का माहौल भक्तिमय रहा। रात में भक्तिमय कार्यक्रम भी आयोजित हुए। तमकुहीराज के एसडीएम व्यास नारायण उमराव सहित अन्य अधिकारी छठ महापर्व सकुशल संपन्न कराने में जुटे हुए थे।
रामजानकी घाट पर लगा रहा मेला
कप्तानगंज। कस्बे के रामजानकी घाट पर छठ पर्व को लेकर सोमवार की भोर से ही भगवान सूर्य को अर्ध्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की तरफ से स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। सीओ पीयूष कांत राय और प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए तैनात रही। चेयरमैन प्रतिनिधि शिवशंकर अग्रहरि, सामाजिक कार्यकर्ता गोलू मिश्रा, पूर्व चेयरमैन विजय खेतन, भाजपा नेता संतोष जायसवाल, हरेराम गुप्ता, रमेश जायसवाल के अलावा नगर पंचायत ने स्टॉल लगाकर पीने के लिए पानी, बिस्कुट और चाय की व्यवस्था की थी।
गुड़-अदरक खाकर महिलाओं ने पूरा किया व्रत
तमकुहीरोड। संतानों की लंबी उम्र की कामना के साथ सेवरही क्षेत्र में चार दिवसीय डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ सकुशल संपन्न हो गया। व्रती महिलाओं ने छठ माता की पूजा अर्चना की और कथा श्रवण के बाद गुड़ व अदरक खाकर अपना उपवास तोड़ा। इसी के साथ शुक्रवार को नहाय खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। सेवरही क्षेत्र के बांसी नदी के शिवाघाट, दमकल घाट, मलाही घाट, गौरी घाट, गोलाघाट, परसा उर्फ सिरिसिया घाट, रुक्मणि घाट और गंडक नदी के पिपराघाट, जंगलीपट्टी, विरवट कोंहवलिया, बाघाचौर, अहिरौलीदान सहित कत्तौरा, अवदान टोला, सुमही संतपट्टी, पकड़ीयार पूरबपट्टी, राजपुर खास, जोगनी, दाहूगंज आदि जगहों पर छठ पूजा संपन्न हुई। रविवार की रात में सैकड़ों परिवारों में कोसी भर कर छठ मइया की पूजा की गई। इस दौरान सीओ तमकुहीराज जितेंद्र सिंह कालरा, एसओ सेवरही संजय कुमार, पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप यादव व शमशेर यादव सहित सेवरही के चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा आदि मौजूद थे।

भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा किया व्रत
उजारनाथ। तमकुही क्षेत्र में महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ देकर चार दिनों के महापर्व को पूरा किया। सेंदुरिया बुजुर्ग, मोगलपुरा, करमैनी, जवार भैंसहा आदि गांवों के छठघाटों पर प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। सोमवार को भोर से ही छठघाटों पर पहुंचीं व्रती महिलाओं ने छठ माता और सूर्य देव की पूजा की तथा परिवार की सलामती की प्रार्थना की। इस दौरान तेज प्रताप, योगेश गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, विकास, विशाल, छोटू कुशवाहा, फूलचंद सहित अन्य लोग मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed