लंबित विवेचनाओं पर एसपी ने उपनिरीक्षकों को लगाई फटकार
पडरौना। थानों के विवेचकों के विवेचना की समीक्षा पुलिस कार्यालय में बुधवार को एसपी धवल जायसवाल ने किया। इस बीच उन्होंने विवेचना लंबित होने पर कई उप निरीक्षकों को जमकर फटकार लगाई। चेतावनी देते हुए कहा कि निष्पक्ष ढंग से शीघ्र विवेचना पूरी न होने पर लापरवाह विवेचकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी धवल ने बताया कि थाना अहिरौली बाजार, कसया, व हाटा के विवेचकों का अर्दली रूम किया गया। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई तथा उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। थानों पर आईजीआरएस, जन शिकायत, महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के निस्तारण की समीक्षा कर निर्देश दिया गया। निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष ढंग से विवेचना पूरी की जाए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि जमीन संबंधी मामलों को राजस्व कर्मियों के साथ मिलकर निस्तारण करें। समाज में अशांति का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आएं।