{"_id":"6803f8d41ad0cb12ff09a295","slug":"sir-23-years-have-passed-the-lekhpals-investigation-for-inheritance-has-not-been-completed-kushinagar-news-c-205-1-ksh1001-135936-2025-04-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kushinagar News: साहब ! 23 वर्ष हो गए, वरासत के लिए पूरी नहीं हुई लेखपाल की जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kushinagar News: साहब ! 23 वर्ष हो गए, वरासत के लिए पूरी नहीं हुई लेखपाल की जांच
Sun, 20 Apr 2025 12:56 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
Updated Sun, 20 Apr 2025 12:56 AM IST
विज्ञापन
पडरौना। जिले के सभी तहसील सभागारों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम और एसपी ने हाटा तहसील सभागार में आए लोगों की शिकायतें सुनकर निष्पक्ष निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। तमकुहीराज तहसील सभागार में शिकायत लेकर पहुंचे मोगलपुरा निवासी एक व्यक्ति ने एसडीएम से कहा कि साहब! 23 वर्ष हो गए, लेकिन अभी तक हलका लेखपाल की जांच पूरी नहीं हुई। उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार तमकुहीराज तहसील सभागार में एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे क्षेत्र के मोगलपुरा निवासी मैनुदीन शाह ने एसडीएम से कहा कि साहब वर्ष 2002 में पिता का निधन हो गया। दादा हनीफ का भी करीब 23 वर्ष पहले निधन हो चुका है। पैतृक भूमि का वरासत कराने के लिए बीते 23 वर्ष से लेखपाल का चक्कर लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी दौरान वर्ष 2014 में उनके भाई जलील का भी निधन हो गई। उनकी पत्नी जमीला और एक बेटी है। उनका भी वरासत अभी तक नही हुआ। वरासत कराने के लिए जब भी हलका लेखपाल से मिलता हूं तो वे हर बार वरासत करने के संबंध में जांच की बात करते हैं। इसी बीच उनका दूसरे हलके में स्थानांतरित हो जाते है और मामला लटक जाता है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ऋषभ पुंडेर ने हलका लेखपाल से संबंधित पत्रावली तलब की है। उन्होंने मैनुदीन को आश्वस्त किया अब स्वयं निगरानी करते हुए त्वरित कार्रवाई कराई जाएगी। हाटा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे क्षेत्र के पिपर उर्फ तितला गांव निवासी श्रीनरायण ने डीएम को बताया कि उन्हें 27 अगस्त 1987 को डेढ डिसमील जमीन का आवासीय पट्टा मिला मिला था। उस जमीन पर गांव के कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। मना करने पर मारने-पीटने की धमकी दे रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हाटा नगर पालिका का क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ रामपुर मिश्री निवासी जयप्रकाश सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, श्रीप्रकाश सिंह आदि ने संयुक्त रूप से डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके जमीन के पास धारा 24 के तहत पैमाईस की गई है, जो पूरी तरह से गलत है। डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों के पास शिकायत लेकर लोग बढ़ी उम्मीद लेकर आते हैं। इसलिए उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन की तरफ से निर्धारित समय के भीतर पूरी निष्पक्षता से निस्तारित करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई पूरी गंभीरता से करें। यदि जरूरत पड़े से पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की टीम गठित कर शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारित करें। इस मौके पर कुल 67 शिकायतें दर्ज हुई। इसमें से छह मामलों का मौके पर निस्तारित कर शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागाध्यक्ष को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन