बाढ़ प्रभावित गांव का विधायक और एसडीएम ने किया निरीक्षण
छितौनी। बाढ़ प्रभावित गांव का खड्डा विधायक और एसडीएम ने शनिवार की शाम निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों से मिलकर उनका हाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
खड्डा तहसील के नदी पार मरिचहवा, बसंतपुर, शिवपुर, हरिहरपुर, सलिकपुर, महदेवा आदि गांवों में पहुंचे विधायक जटाशंकर त्रिपाठी और एसडीएम कोमल यादव पीड़ितों से मिले। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से शुक्रवार की रात से गंडक नदी का पानी गांवों में पहुंच आया है। इससे लोगों के घरों में दो से तीन फीट तक पानी घुस गया है। विधायक ने ग्रामीणों को सभी तरह के सरकारी योजनाओं व सुविधाओं को शीघ्र मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। सुबह ही तहसीलदार संजीव राय व नायब तहसीलदार रवि यादव के साथ पहुंचे थे। उनके निर्देश पर राजस्व टीम लोगों को राशन आदि सामग्री देने में जुटी है। एसडीएम कोमल यादव ने बताया कि बाढ़ग्रस्त गांवों पर तहसील प्रशासन निगरानी कर जरूरी सामान मुहैया करा रहा है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि शत्रुजीत शाही, रामसहाय दूबे, चंद्रप्रकाश तिवारी, राजेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।