Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   gorakhpur news

Kushinagar News: कंधे का सहारा तो कहीं दीवार का, मेडिकल कॉलेज में मरीज बेहाल

Tue, 24 Nov 2026 12:38 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर Updated Tue, 24 Nov 2026 12:38 AM IST
विज्ञापन
gorakhpur news
कंधे का सहारा तो कहीं दीवार का, मेडिकल कॉलेज में मरीज बेहाल
विज्ञापन


- मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में पहुंचे 1350 मरीज, आठ व्हील चेयर और 28 स्ट्रेचर होने के बावजूद जरूरतमंदों को करना पड़ा इंतजार

पडरौना। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को बीमारी के दर्द के साथ स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की कमी से भी जूझना पड़ रहा है। सोमवार को ओपीडी में मरीजों की भीड़ के बीच कोई तीमारदार के कंधे के सहारे तो कोई दीवार पकड़कर इलाज और जांच के लिए पहुंचा। इमरजेंसी में सुविधा मांगने पर कई मरीजों को इंतजार करने की सलाह देकर लौटा दिया गया। अस्पताल प्रशासन के बेहतर इंतजामों के दावे के बीच मरीजों की ये तस्वीर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में करीब 1350 मरीज पहुंचे। इनमें अकेले हड्डी रोग विभाग में दोपहर 1:30 बजे तक 335 मरीजों ने उपचार कराया। इस दौरान करीब 10 मरीजों का प्लास्टर भी किया गया। चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के तीमारदार जब इमरजेंसी में स्ट्रेचर और व्हील चेयर मांगने पहुंचे तो उन्हें इंतजार करने की बात कह दी गई।
विज्ञापन


इमरजेंसी में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर के प्रभारी पुष्कर पाठक ने बताया कि अस्पताल में आठ व्हीलचेयर और 28 स्ट्रेचर उपलब्ध हैं। जरूरत के अनुसार गंभीर मरीजों, बुजुर्गों, चलने में असमर्थ लोगों और फ्रैक्चर के मरीजों को ये सुविधाएं दी जाती हैं। इसके लिए आधार कार्ड जमा कराया जाता है, जिसे सामान वापस करने पर लौटा दिया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


------
मरीजों की परेशानी, उनकी जुबानी

दोपहर 12:15 बजे
तुर्कपट्टी क्षेत्र के पोखरभिंडा निवासी श्याम बिहारी सिंह पुरानी बिल्डिंग में मिले। उनके दाएं पैर में चोट लगी थी और चलने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने बताया कि हड्डी रोग विभाग में डॉक्टर को दिखाने के लिए व्हीलचेयर मांगी, लेकिन इंतजार करने को कहा गया। मजबूरी में धीरे-धीरे ओपीडी तक जाना पड़ा।

-------------
दोपहर 12:30 बजे
रामकोला क्षेत्र के चंद्रप्रकाश सिंह अपने बेटे विकास सिंह का प्लास्टर कराने के बाद उसे कंधे के सहारे अस्पताल से बाहर ले जाते मिले। उन्होंने बताया कि हादसे में बेटे के पैर में चोट लगी थी। प्लास्टर के बाद व्हीलचेयर मांगी तो लंबा इंतजार करने की बात कही गई। ऐसे में उसे कंधे के सहारे ही बाहर ले जाना पड़ा।

----------
दोपहर 12:45 बजे
हाटा कस्बा निवासी नूर आजम अंसारी हड्डी रोग विभाग से इलाज कराकर बाहर निकल रहे थे। उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर के लिए स्टाफ से कहा तो उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। इसके बाद वह धीरे-धीरे दवा लेने पुरानी बिल्डिंग की ओर रवाना हुए।

------------
दोपहर 1:05 बजे
धुरिया निवासी सुनीता अपनी सास द्रौपदी देवी को लेकर इमरजेंसी में स्ट्रेचर का इंतजार करती मिलीं। उन्होंने बताया कि उनकी सास चलने में असमर्थ हैं। करीब 30 मिनट से स्ट्रेचर मांग रही हैं, लेकिन उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है।

------------
दोपहर 1:15 बजे
बेलवा जंगल के चौरिया निवासी इरशाद अपने नाना को ओपीडी में दिखाने के लिए इमरजेंसी में स्ट्रेचर मांगने पहुंचे, लेकिन उन्हें व्हीलचेयर नहीं मिली। वहीं, जटहां की बुजुर्ग फूलपति को चक्कर आने पर परिजनों ने व्हीलचेयर मांगी तो उन्हें भी इंतजार करने को कहा गया। इसके बाद परिजन उन्हें हाथों का सहारा देकर अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच के लिए ले गए। एक अन्य महिला भी दीवार का सहारा लेकर अस्पताल में चलती दिखाई दी।

--------------
इमरजेंसी से लेकर भर्ती वार्डों तक व्हील चेयर और स्ट्रेचर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मरीजों की संख्या बढ़ने से कुछ दिक्कत हो सकती है। स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। कहीं भी लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. दिलीप कुमार, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed