समितियों पर नहीं मिल रही खाद, मायूस लौट रहे किसान
समउर बाजार। बुधवार को समिति पर यूरिया खाद मिलने की सूचना पर किसानों की भीड़ जुट गई। लेकिन खाद कम होने से कई किसानों को बिना खाद लिए ही घर लौटना पड़ा।
पिपरा कनक गांव स्थित साधन सहकारी समिति पर बुधवार सुबह से ही पिपरा कनक, मठिया, बोदा टोला, गगलवा, चैन पट्टी, महरुटोला मीर बिहार, पखिहवां उर्फ करजहां आदि गांव के किसान पहुंच गए। लेकिन समिति पर यूरिया खाद कम होने के चलते वहां मौजूद सभी किसानों को खाद नहीं मिल सकी। इसकी वजह से अधिकांश किसान नाराज होकर घर चले गए। क्षेत्र के सुनील गुप्ता, शिव प्रसाद, एमके दूबे, मोहम्मद जहीर, रामसकल तिवारी, अब्बास अली, आनंद कुमार, राम प्रकाश आदि किसानों का कहना है कि यूरिया खाद के लिए सुबह से ही समिति पर पहुंचे थे, लेकिन यूरिया की कमी के कारण खाद नहीं मिल सकी। इफ्तेखार अहमद बरकाती ने कहा कि अब प्राइवेट दुकान से यूरिया खरीदना पड़ेगा। इस संबंध में प्रभारी सचिव प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि स्टॉक में जितनी यूरिया थी, उसका वितरण किया गया है। उच्चाधिकारियों को डिमाडं भेजी गई है। समिति को यूरिया मिलने पर किसानों में वितरित कर दिया जाएगा।