सपहा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बैठक में एपी बांध के काम में तेजी लाने के साथ ही बाढ़ पीड़ितों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया गया। शुक्रवार रात कुशीनगर के एक होटल में देवरिया सांसद शशांक मणि ने डीएम संजय चौहान, एसपी केशव कुमार, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम पवन कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की।
बैठक में सांसद ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए बांध निर्माण में तेजी लाने और रेनकट की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट और जनरेटर उपलब्ध कराने, राशन वितरण में तेजी लाने तथा राहत कार्यों के लिए मैनपावर बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल व्यवस्था मजबूत करने, दवाओं का छिड़काव कराने, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और बाढ़ से हुए नुकसान के सर्वे की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों से राहत कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाने को कहा।