परछावन के समय मारपीट, दूल्हे के भाई-बहन सहित छह घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामकोला। रविवार की शाम करीब छह बजे रामकोला कस्बे में कांशीराम शहरी आवास के निकट हो रहे परछावन के समय नाच रही युवतियों का फोटो खींचने को लेकर विवाद हो गया। बात मारपीट तक पहुंच गई। इस मारपीट में दूल्हे के भाई-बहन सहित छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर सीओ सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। मौके से एक बाइक भी बरामद हुई है।
रामकोला कस्बा निवासी अयोध्या के भाई जितेंद्र की रविवार को बारात जा रही थी। शाम को करीब छह बजे महिलाएं तैयार होकर जितेंद्र के साथ परछावन के लिए घर से निकलीं। वे कांशीराम शहरी आवास के निकट पहुंचकर परछावन करने लगीं। इसी बीच दो बाइक पर सवार चार मनबढ़ युवक पहुंचे और परछावन के समय नाच रही लड़कियों का फोटो खींचने लगे। वहां मौजूद महिलाओं ने फोटो खींचने से मनाया कि तो युवक उनसे उलझ गए और विवाद करने लगे।
युवकों ने कस्बे से कुछ अन्य साथियों को भी फोन करके बुला लिया। वे अपने साथ लाठी-डंडा और हाकी लेकर पहुंचे और मारपीट करना शुरू कर दिया। उनकी पिटाई से दूल्हे के भाई अयोध्या, रुदल, शैलेश तथा अनिल के अलावा पूजा और निर्मला घायल हो गईं। मारपीट की सूचना किसी ने एसपी सहित एसओ को मोबाइल पर दे दी। मौके पर एसओ पुलिस बल के साथ पहुंचे और दो युवकों को पकड़ लिया। वहां से एक बाइक भी बरामद हुई। इधर विवाद के बाद कप्तानगंज और पडरौना की पुलिस के साथ सीओ खड्डा आरबी सिंह भी पहुंच गए और महिलाओं को समझाया। उन्होंने कहा कि मारपीट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।