हास्टल से गायब किशोर दिल्ली पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामकोला थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द गांव निवासी कन्हैया पासवान का लडक़ा सत्यप्रकाश (16) कप्तानगंज कस्बा स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। स्कूल के हॉस्टल में ही वह रहता भी था। बुधवार की सुबह सत्यप्रकाश हास्टल में नहीं मिला तो वार्डेन ने इसकी सूचना प्रिंसिपल को दी। जानकारी होने पर घरवाले भी कप्तानगंज थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए सत्यप्रकाश की तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह गोरखपुर शहर में मिली। इसके बाद स्कूल और परिवार के कुछ लोगों को लेकर कप्तानगंज पुलिस गोरखपुर रवाना हो गई। परंतु वहां भी सत्यप्रकाश का पता नहीं लगा। इसके बाद दुबारा लोकेशन ट्रेस की गई तो बस्ती का मिली। पुलिस अभी कुछ प्रयास कर पाती, इससे पहले ही मोबाइल बंद हो गया। बृहस्पतिवार की सुबह तक पता नहीं चलने से परेशान घरवाले स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाने लगे। कप्तानगंज पुलिस को भी इस मामले में कोई राह नहीं सूझ रही थी। अचानक कन्हैया पासवान के मोबाइल पर दूसरे नंबर से सत्यप्रकाश का फोन आ गया। कन्हैया के अनुसार लड़के ने खुद के दिल्ली में होने की बात बताई। उसके सकुशल होने की जानकारी पर घर के लोगों की जान में जान आई। इस संबंध में एसओ चौथीराम यादव ने बताया कि स्कूल संचालक के एक रिश्तेदार दिल्ली में सत्यप्रकाश के पास पहुंच रहे हैं। उसके पिता भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। एकाध दिन में ही वह सुरक्षित अपने घर आ जाएगा।