सतर्कता व संवेदनशीलता के साथ संकट का करना होगा सामना: सांसद
पडरौना। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद की अध्यक्षता में वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अफसरों की बैठक हुई। इसमें कोरोना संक्रमण, लॉकडाउन, प्रवासी मजदूरों की वापसी समेत विकास कार्य शुरू कराने को लेकर चर्चा की गई। सांसद विजय कुमार दूबे ने बताया कि अफसरों के साथ लॉकडाउन की शुरुआत से अब तक की स्थिति पर चर्चा की गई। बाहर से आने वाले मजदूरों की जांच तथा उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने, सभी नागरिकों को अनाज उपलब्ध कराने, कोरोना पॉजिटिव मरीजों के गांवों में सफाई व सैनिटाइजेशन समेत सभी प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही बाहर से लौटे मजूदरों को मनरेगा समेत अन्य योजनाओं में यथा संभव रोजगार मुहैया कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, एसपी विनोद कुमार मिश्रा, सीडीओ आनंद कुमार, एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह, एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार, डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी समेत सभी एसडीएम व सीओ मौजूद रहे।