कसया। बुद्ध स्थली का बुद्धा घाट बृहस्पतिवार देर शाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘प्रकाश से संकल्प तक आशीर्वाद’ कार्यक्रम के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलन किया गया। हिरण्यवती नदी घाट, उपवनों और मंदिरों में दीप जलाकर स्वच्छता एवं सेवा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विधायक पीएन पाठक, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, ईओ अंकिता शुक्ला और प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल आदि ने दीप जलाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामना की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दीप सेवा भावना और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक है। जब सेवा की भावना और स्वच्छता का संकल्प साथ होता है तो बदलाव की रोशनी हर घर और गली तक पहुंचती है। विधायक पीएन पाठक ने कहा कि भगवान बुद्ध की पावन धरा से जलाया गया यह दीप शांति का संदेश देने के साथ स्वच्छता की राह दिखाएगा और कुशीनगर के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस दौरान ओमप्रकाश जायसवाल, राधेश्याम गोंड, सुमित त्रिपाठी, अनिल प्रताप राव, आद्या पांडेय, संतोष दत्त राय, सभासद प्रभुनाथ सिंह, राजेश मद्धेशिया, मुन्ना शर्मा, पवन जायसवाल, विजेंद्र प्रताप सिंह भगत, अजेंद्र कुमार सिंह, केशव सिंह, सुमित जायसवाल, बालिस्टर भारती सहित विदेशी पर्यटक भी मौजूद रहे।