Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   Ahmedabad team launches its first rocket; 20 CanSats reach the sky on the very first day.

Kushinagar News: अहमदाबाद की टीम ने लांच किया पहला रॉकेट, पहले दिन आसमान में पहुंचे 20 कैनसैट

Mon, 02 Nov 2026 01:26 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Mon, 02 Nov 2026 01:26 AM IST
विज्ञापन
Ahmedabad team launches its first rocket; 20 CanSats reach the sky on the very first day.
कुशीनगर में जंगलीपट्टी स्वनिर्मित राकेट को तैयार करते युवा वैज्ञानिक। 
17 राज्यों की 76 चयनित टीमों की भागीदारी; तीन नवंबर तक चलेगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, अगले संस्करण के लिए एक दिसंबर से शुरू होगा पंजीकरण
विज्ञापन


तमकुही रोड/पिपराघाट। कुशीनगर में नारायणी नदी के तट पर रविवार को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रयोगों ने उड़ान भरी। ड्रोन की मदद से विद्यार्थियों के बनाए 20 कैनसैट लॉन्च किए गए जबकि मॉडल रॉकेट्री प्रतियोगिता में अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी ने पहला रॉकेट लॉन्च किया। तीन नवंबर तक चलने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 17 राज्यों की 76 चयनित टीमें हिस्सा ले रही हैं।
भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (इन-स्पेस) ने इसरो और श्रीनारायणी साइंस डेवलपमेंट फाउंडेशन (एसएसडीएफ) के सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन किया है। उद्घाटन समारोह में देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयनका, निदेशक (प्रमोशन) डॉ. विनोद कुमार, इसरो के पूर्व एसोसिएट रॉय एम. चेरियन, कैनसैट मूल्यांकन समिति के प्रमुख डॉ. सुरेंद्र पाल और स्थानीय आयोजक संस्था एसएसडीएफ के निदेशक मनीष बजाज समेत विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, मार्गदर्शक और प्रतिभागी मौजूद रहे।
विज्ञापन

इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयनका ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश के अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। वर्ष 2019 में देश में केवल 14 स्पेस स्टार्टअप थे, जिनकी संख्या अब 450 से अधिक हो गई है। इस बदलाव ने युवाओं के लिए अंतरिक्ष यात्री बनने, प्रक्षेपण प्रणाली विकसित करने, उपग्रहों से मिलने वाले आंकड़ों पर आधारित अनुप्रयोग तैयार करने और अपना उद्यम शुरू करने जैसे नए अवसर खोले हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास उनकी तैयारी को दर्शाता है। यहां मिलने वाला व्यावहारिक अनुभव उन्हें कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर सीखने का अवसर देता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे देश के छोटे शहरों और टियर-2 तथा टियर-3 जिलों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि रॉकेट या कैनसैट के प्रयोग में असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ें। धैर्य, टीमवर्क और लगातार प्रयास ही भविष्य के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और उद्यमियों की पहचान बनेंगे। उन्होंने कहा कि कुशीनगर और देवरिया जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर की वैज्ञानिक गतिविधियों का आयोजन स्थानीय युवाओं को नई संभावनाओं से परिचित कराने का माध्यम है।
अगले संस्करण के लिए एक दिसंबर से शुरू होगा पंजीकरण
इन-स्पेस के निदेशक (प्रमोशन) डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि मॉडल रॉकेट्री प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण और कैनसैट इंडिया प्रतियोगिता के चौथे संस्करण के लिए पंजीकरण एक दिसंबर 2026 से शुरू होगा। दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 10 ट्रॉफियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को कॅरिअर के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजन के साथ रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया है। इसमें चार स्पेस कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। डॉ. कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक इंजीनियरिंग चुनौतियों पर काम करने का अवसर देती हैं। इससे उनमें तकनीकी क्षमता, समस्या समाधान और टीम के साथ काम करने का कौशल विकसित होता है।

उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाली इन-स्पेस, इसरो, एनएएल, थ्रस्टेक इंडिया, एसएसडीएफ, बरगद अमृत संगठन समेत विभिन्न संस्थाओं और निर्णायक मंडल के सदस्यों के प्रति आभार जताया। स्थानीय आयोजक संस्था श्रीनारायणी साइंस डेवलपमेंट फाउंडेशन के निदेशक मनीष बजाज ने प्रतिभागी टीमों, उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों का स्वागत किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं और सदस्यों के प्रति आभार जताया। साथ ही प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्थानीय स्तर पर जुटी टीम के योगदान को रेखांकित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed