जीएसटी के दरों में कमी कर भाजपा सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। खाद्य पदार्थ, दवाइयों और भवन निर्माण सामग्री जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं अब सस्ती हुई हैं। यह बातें बुधवार को मां शीतला अतिथि गृह सयारां में प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कही।
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास की नई उड़ान भरी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना और नि:शुल्क राशन योजना जैसी योजनाओं ने गरीब व जरूरतमंदों को सीधी राहत दी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कामकाज के सामने विपक्ष मुद्दा विहीन हो गया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, चेयरमैन सिराथू भोला यादव, पूर्व विधायक शीतला प्रसाद पटेल, संजय गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।