Kaushambi News: वैवाहिक समारोह में आए युवक की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया
बहन के घर वैवाहिक समारोह में शामिल होने आए एक युवक का नींबू की बाग में फांसी से लटका शव मिला। पुलिस और फील्ड यूनिट के लोगों ने घटना स्थल की जांच की तो पता चला कि कपड़ों में किसी युवती के बाल थे। पुलिस मान रही है कि युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के मेंडीपुर कनवार निवासी राकेंद्र सोनकर (22) आठ भाई बहनों ने दूसरे नंबर पर था। पिता की मौत के बाद वह सब्जी की फेरी लगा कर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था। कुछ दिन पहले वह चरवा कोतवाली के कूड़ापुर गांव स्थित बहन के ससुराल उसके चचेरे देवर छोटू की शादी में शामिल होने आया था। सोमवार को बरात में शामिल होने के लिए वह फतेहपुर के किशुनपुर एकड़ला बरहा गांव गया था।
भोर में करीब चार बजे वह रिश्तेदारों के साथ वह कूड़ापुर गांव लौटा। इसके बाद भी वह बहन के घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए मोहिउद्दीनपुर गांव के मानसिंह यादव के नींबू की बाग की तरफ गई थी। इस दौरान महिलाओं ने नींबू के पेड़ से राकेंद्र का फंदे से लटका शव देखा।
घटना की जानकारी पर सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण, चरवा इंस्पेक्टर व फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है। राकेंद्र के कपड़े से किसी युवती के बाल भी मिले हैं। जिस पेड़ से शव लटका था, उसकी ऊंचाई महज तीन फिट है। घटना स्थल के समीप राकेंद्र का मोबाइल व चप्पल भी मिली है।
मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ दी हत्या की तहरीर राकेंद्र के भाई सुखेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव फांसी पर लटकाने की तहरीर दी है। तहरीर के हवाले से बताया कि कूड़ापुर गांव में उसकी बड़ी बहन उर्मिला की शादी हुई है। इसी गांव में उसकी बुआ भी हैं। बहनोई विजय सोनकर के चचेरे भाई छोटू की शादी का निमंत्रण मिलने के बाद उसका भाई राकेंद्र बहन के यहां आ गया था। मंगलवार की सुबह उन्हें भाई के हत्या होने की जानकारी मिली है।
रिश्तेदार की बेटी से प्रेम करता था राकेंद्र
घटना के वक्त मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राकेंद्र करीब 15 दिनों से कूड़ापुर गांव में बहन उर्मिला के यहां रहता था। यहां रिश्तेदार की बेटी से उसका प्रेम संबंध भी था। गांव के कई लोगों ने राकेंद्र व रिश्तेदार की बेटी को कई बार नींबू के बाग में भी देखा था। जिस बाग में राकेंद्र युवती से मिलता था, वहीं पर फंदे से लटकता उसका शव मिला है।
कूड़ापुर गांव में फंदे से लटके मिले युवक के शव को लेकर जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का नहीं बल्कि हत्या का लग रहा है। मृतक के कपड़ों में किसी युवती के बाल भी मिले हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। - बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी