Accident : हाईवे पर डीसीएम से भिड़ी सफारी, एक सिपाही की मौत, दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
कानपुर के घाटमपुर निवासी अनुराग सिंह यादव, भदोही निवासी सुनील सिंह व एक अन्य सिपाही जौनपुर निवासी रोहित तिवारी की तैनाती संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज पुलिस चौकी में है। एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मंगलवार दोपहर तीनों सिपाही ड्यूटी के बाद सफारी से संदीपनघाट थाने जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
विस्तार
संदीपनघाट के बलिहावां मोड़ के समीप मंगलवार को प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर डीसीएम से तेज रफ्तार सफारी पीछे से टकरा गई। हादसे में सफारी सवार तीन सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में ले जाया गया। जहां एक सिपाही अनुराग सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो सिपाहियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कानपुर के घाटमपुर निवासी अनुराग सिंह यादव, भदोही निवासी सुनील सिंह व एक अन्य सिपाही जौनपुर निवासी रोहित तिवारी की तैनाती संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज पुलिस चौकी में है। एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मंगलवार दोपहर तीनों सिपाही ड्यूटी के बाद सफारी से संदीपनघाट थाने जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
बलिहावां के समीप हाईवे पास रास्ता भटकने के कारण चालक हाॅफ डाला गाड़ी (डीसीएम) मोड़ रहा था, तभी सिपाहियों की तेज रफ्तार सफारी पीछे से डीसीएम से टकरा गई। हादसे में तीनों सिपाहियों को गंभीर चोट आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुनील सिंह और रोहित तिवारी को ट्रामा सेंटर के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है।
एसपी के निर्देश पर एएसपी अशोक कुमार वर्मा, सीओ चायल मनोज रघुवंशी भी जख्मी सिपाहियों का हाल जानने के लिए प्रयागराज रवाना हो गए है। एएसपी ने बताया कि सिपाहियों की हालत गंभीर है, उनका इलाज कराया जा रहा है।
बलिहावां मोड़ के पास हुए हादसे में तीन सिपाही जख्मी हुए थे। घायलों में सिपाही अनुराग सिंह की गंभीर हालत में मौत हो गई है। हादसा डीसीएम मोड़ने के दौरान हुआ। अस्पताल में घायल सिपाहियों का उपचार कराया जा रहा है। - बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एपी कौशाम्बी
दिवंगत सिपाही को पुलिसकर्मियों ने दी अंतिम विदाई, एसपी ने शव को दिया कंधा
संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज चौकी में तैनात रहे दिवंगत सिपाही को पुलिसकर्मियों ने शोकाकुल माहौल में अंतिम विदाई दी। पुलिस लाइन में सलामी के बाद एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने शव को कंधा दिया। इसके बाद सरकारी वाहन से शव परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।
कानपुर नगर के रेऊना निवासी अनुराज सिंह (26) पुलिस विभाग में सिपाही थे। उनकी तैनाती संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज पुलिस चौकी में थी। मंगलवार को वह साथी सिपाही रोहित तिवारी और सुनील यादव के साथ सफारी कार से संदीपनघाट कोतवाली जा रहे थे। बलिहावां मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से सफारी टकरा गई। हादसे में तीनों लोगों को गंभीर चोट आई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां अनुराज की मौत हो गई। सिपाही रोहित तिवारी को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुनील यादव की हालत सामान्य है। बुधवार को पुलिस लाइन में दिवंगत सिपाही को साथी पुलिसकर्मियों ने अंतिम विदाई दी। खुद एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने शव को कंधा दिया। इस दौरान पुलिस लाइन का माहौल गमगीन रहा। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर चले गए।
घर का इकलौता चिराग था अनुराज
सिपाही अनुराज के पिता की काफी पहले मौत हो गई थी। वह एक भाई और बहन थे। दादा चंद्रभान ने उनकी परवरिश की। बहन की शादी हो चुकी है जबकि अनुराज अविवाहित थे। हादसे की जानकारी के बाद परिवार के लोग पुलिस लाइन पहुंचे थे। वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे।