Kaushambi : पूर्व सांसद कपिलमुनि करवरिया के करीबी की छह करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क, नहीं जमा किया था टैक्स
फूलपुर (प्रयागराज) से बसपा के टिकट पर सांसद रहे कपिलमुनि करवरिया व उनके भाई पूर्व विधायक उदयभान, पूर्व एमएलसी सूरजभान नैनी सेंट्रल जेल में सजा काट रहे हैं। जेल में रहने के बावजूद भी कपिलमुनि का बालू खनन का धंधा जारी रहा।
विस्तार
जवाहर पंडित हत्याकांड में नैनी सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद कपिलमुनि करवरिया के करीबी व सदर ब्लॉक के प्रमुख रहे शेष नारायण करवरिया की करीब छह करोड़ की सम्पत्ति पर प्रशासन ने कुर्की की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को सदर तहसील प्रशासन ने उसके घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दिया। प्रशासन ने यह कार्रवाई वर्ष 2018-19 के दौरान बालू खनन का टैक्स नहीं अदा करने पर की है।
फूलपुर (प्रयागराज) से बसपा के टिकट पर सांसद रहे कपिलमुनि करवरिया व उनके भाई पूर्व विधायक उदयभान, पूर्व एमएलसी सूरजभान नैनी सेंट्रल जेल में सजा काट रहे हैं। जेल में रहने के बावजूद भी कपिलमुनि का बालू खनन का धंधा जारी रहा। इसकी कमान उनके करीबी शेष नारायण करवरिया संभाल रहे थे। महेवाघाट कोतवाली के जमुनापुर घाट में वर्ष 2018-19 में बालू घाट का संचालन करने का उसे ठेका मिला था।
जिसका करोड़ों रुपये खनन राजस्व बकाया होने पर प्रशासन ने पट्टेधारक की करोड़ो की संपत्ति कुर्क करने की नोटिस चस्पा की है। एसडीएम मंझनपुर आकाश सिंह का कहना है कि पट्टेधारक पर खनन राजस्व 59816640 रुपये बकाया है। इसकी आरसी जारी की गई थी। पट्टेधारक ने पैसा नहीं जमा किया।
इसे लेकर शुक्रवार को नायब तहसीलदार ओमप्रकाश सिंह व नायब तहसीलदार चकबंदी प्रताप बहादुर सिंह पट्टेधारक शेषनारायण करवरिया के थांभा गांव में जाकर उसके घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की है। एसडीएम ने बताया कि बकाया राजस्व नहीं जमा हुआ तो कुर्की की कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा।