मंझनपुर। हरियाणा में किसानों पर लाठी चार्ज की घटना ने जिले के किसानों को आग बबूला कर दिया। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में मुख्यालय पहुंचे किसानों ने अपना विरोध जताया। जिला पंचायत परिसर में बैठक करने के बाद किसानों ने चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सरकार के विरोध में नारेबाजी की। जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर राजेश चंद्रा को किसानों ने प्रधानमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
भाकियू के जिलाध्यक्ष नूरुल इस्लाम की अगुवाई में शुक्रवार को मुख्यालय पहुंचे किसानों ने हरियाणा में साथियों के साथ पुलिस के बर्बर कार्रवाई का विरोध जताया। नूरुल इस्लाम ने कहा कि सरकार किसानों की आवाज दबाना चाहती। मगर, किसानों की आवाज दबेगी नही, बल्कि और बुलंद होगी। इस मौके पर पहुंचे एसडीएम को किसानों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र था। वहीं, एसडीएम ने ज्ञापन को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही स्थानीय मुद्दों के निराकरण कराने की बात कही। इस दौरान गिरधारीलाल, गणेश, देवराज तिवारी, बच्चालाल, शांताराम सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।