कौशाम्बी : डिप्टी सीएम केशव के करीबी लापता भाजपा नेता राजीव मौर्य का पांचवें दिन भी नहीं लग सका सुराग
सैनी कोतवाली के गुलामीपुर निवासी भाजपा नेता राजीव मौर्य 19 जनवरी की रात घर से जिला अस्पताल जाने की बात कहकर निकले थे। इसके अगले दिन राजीव की स्कॉर्पियो लावारिस हालत में कोखराज कोतवाली इलाके में मिली थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य पूनम मौर्य के पति राजीव मौर्य का 96 घंटे बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। राजीव की बरामदगी के लिए पुलिस की तीन टीमों ने पड़ोसी जनपदों में डेरा जमाया है। सर्विलांस की टीम भी बराबर राजीव की लोकेशन ट्रेस कर रही है। इस दौरान राजीव का मोबाइल स्वीच ऑफ होने व किसी बैंक से लेनदेन नहीं करने से पुलिस के हाथ कोई जानकारी नहीं लगी है।
सैनी कोतवाली के गुलामीपुर निवासी भाजपा नेता राजीव मौर्य 19 जनवरी की रात घर से जिला अस्पताल जाने की बात कहकर निकले थे। इसके अगले दिन राजीव की स्कॉर्पियो लावारिस हालत में कोखराज कोतवाली इलाके में मिली थी।
स्कॉर्पियो जिस होटल के पास मिली, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि राजीव खुद ही अपनी गाड़ी से उतरकर कानपुर की ओर जाने वाले जनरथ बस में सवार हुए थे। राजीव के पास कोई बैग नहीं था, जिससे पता चल सके कि वह अपने साथ क्या लेकर गए हैं।
पुलिस का मानना था कि जिस तरह से राजीव घर से खाली हाथ निकले, उससे कहीं न कहीं वह ऑनलाइन कपड़ों की खरीदारी करेंगे या फिर घरवालों से फोन पर संपर्क करेंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सर्विलांस सेल बराबर राजीव की इन्हीं गतिविधि पर निगाह रख रहा है।
इसके अलावा कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज जिले की पुलिस से मदद से लेकर राजीव की खोजबीन की जा रही है। इस बाबत सीओ सिराथू का कहना है कि राजीव की सकुशल वापसी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रहीं हैं। जल्द ही राजीव को बरामद कर लिया जाएगा।
डिप्टी सीएम हैं बड़े भाई, हंगामा करना विपक्षियों की साजिश- पूनम
संदिग्ध हालत में लापता भाजपा नेता राजीव मौर्य के घर शनिवार को परिवार से मुलाकात करने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को विरोध करते हुए ग्रामीण हंगामा करने लगे थे। भीड़ ने हूटिंग करते हुए नारेबाजी भी की। इस मामले में रविवार को भाजपा नेता की पत्नी व जिला पंचायत सदस्य पूनम मौर्य खुलकर सामने आईं। सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर पूनम ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य उनके बड़े भाई हैं।
भीड़ ने जो भी कुछ कहा वह उन्हें जानती तक नहीं। हूटिंग करने वाले लोग विरोधियों की साजिश के तहत पहुंचे थे। राजीव के लापता होने के सवाल पर पूनम ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव के दौरान आशीष मौर्य से उनके पति का विवाद हुआ था। आशीष को अगर पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करे तो सारा सच सामने आ जाएगा। हाल ही में सपा में शामिल हुए आशीष मौर्य इस सीट पर पहले भी जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
पिछले दिनों हुए चुनाव में पूनम के सामने आशीष की पत्नी ने भी चुनाव लड़ा था। इसी बात को लेकर चुनाव के दौरान कुछ विवाद भी हुआ था। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों के बारे में आशीष मौर्य का कहना है कि राजीव के लापता होने के मामले में उनका कुछ लेना-देना नहीं है। साजिश के तहत उन्हें बदनाम किया जा रहा है। वह हर जांच के लिए तैयार हैं।