Kaushambi : लोहंदा गांव में पहुंचे करणी सेना के अध्यक्ष, बोले- पुलिस पर दर्ज हो हत्या का मुकदमा
सैनी कोतवाली के लोहंदा गांव में हुई घटना को लेकर शुक्रवार को करणी सेना के अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह पहुंचे। मृतक रामबाबू तिवारी के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी लेते हुए रामबाबू तिवारी की मौत के जिम्मेदार पुलिस पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
सैनी कोतवाली के लोहंदा गांव में हुई घटना को लेकर शुक्रवार को करणी सेना भारत के अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू सिंह पहुंचे। मृतक रामबाबू तिवारी के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी लेते हुए रामबाबू तिवारी की मौत के जिम्मेदार पुलिस पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा बिना मामले की जांच किए पुलिस ने बेटे को जेल भेज दिया, जिससे आहत होकर पिता ने मौत को गले लगा लिया। न्याय मांगने पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठी बार डंडों से पीटा गया। इसके बाद 40 लोगों पर फर्जी मुकदमा भी लगाया गया।
ऐसे में पूरे प्रकरण में पुलिस दोषी है। जिस पर अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की ढिलाई के चलते मामले का मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान अभी तक फरार है। ऐसे में अगर पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो करणी सेना देश में राष्ट्रव्यापी आंदोलन कर न्याय दिलाने का काम करेगी। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सनी सिंह ने मृतक रामबाबू के बेटे अक्षय तिवारी को ढांढस बधाते हुए हर संभव मदद देने की बात कही है।
आज कौशांबी जिले के सैनी थाना अंतर्गत ग्राम लोहदा में स्वर्गीय राम बाबू तिवारी जी के पूरे परिवार के साथ जिस प्रकार से वहाँ का प्रशासन और कुछ असामाजिक लोगो के द्वारा प्रताड़ित किये जाने पर जान दी गई आज उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना प्रकट की @Karnisenaindiahttps://t.co/QSPb9L8MO0
— VEERU SINGH 𝕏 (@Veerusinghup) June 13, 2025
पीड़िता से मिले राज्य पिछड़ा आयोग उपाध्यक्ष, दिया न्याय का भरोसा
कथित पीडि़ता के मां की शिकायत पर शुक्रवार को लोहंदा गांव में राज पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल के साथ पांच सदस्य टीम पहुंचीं। इस दौरान किशोरी व उसकी मां मिलकर न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। सैनी कोतवाली के लोहंदा गांव में 27 मई को आठ वर्ष की किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के सिद्धार्थ तिवारी उर्फ दोनों पर पुलिस ने पॉस्को एक्ट व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया।
बेटे पर फर्जी केस से आहत होकर पिता रामबाबू तिवारी ने कोतवाली में जहर निगल कर जान दे दी। इस दौरान पुलिस ने मृतक रामबाबू के परिजनों की तहरीर पर किशोरी के पिता व ग्राम प्रधान सहित पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर किशोरी के पिता व प्रधान के भाई को जेल भेज दिया। कोर्ट में किशोरी के बयान में दुराचार का आरोप न सिद्ध होने पर न्यायालय ने सिद्धार्थ को जमानत दे दी। जिस पर किशोरी की मां ने मामले की शिकायत राज पिछड़ा वर्ग आयोग से कार्रवाई की मांग की थी।
शुक्रवार को आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल सदस्य विनय पटेल व साक्षी राजपूत सहित पांच लोगों के साथ कथित पीडिता के घर पहुंचे और इस दौरान कथित पीड़िता किशोरी व उसकी मां से मामले की जानकारी लेकर इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया है इस दौरान सिराथू एसडीएम योगेश कुमार गौड़ और क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।
कथित पीडित किशोरी का हुआ स्वास्थ्य परिक्षण
शुक्रवार को सीएचसी कडा की एक स्वास्थ्य टीम लोंहदा गांव पहुंची। इस दौरान कथित पीडिता किशोरी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। किशोरी की माने दो दिन पहले जारी हुए एक वीडियो में बेटी के बीमार होने की बात कही थी । अधिक्षक डाक्टर मोहम्मद साउथ ने बताया बेटी का स्वास्थ्य ठीक है। गर्मी को देखते हुए ओआरएस और ग्लूकोज पाउडर पिलाने के लिए दिया गया है।
दुष्कर्म पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी आम आदमी पार्टी
लोहंदा गांव में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इलियास पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ किशोरी घर पहुंचे इस दौरान परिवार से मिलकर घटना की पूरी जानकारी लेते हुए। दुष्कर्म पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी द्वारा संघर्ष की जाने की बात कही है। आप के अध्यक्ष ने कहा सरकार के दबाव में आकर पुलिस ने आरोपी को रिहा कर दिया जबकि पीड़ित के पिता को जेल भेज कर गरीब परिवार को बर्बाद कर रही है। पूरे प्रकार की उच्च स्तरीय न्याय जांच होनी चाहिए और दोषी को दोबारा जेल भेजते हुए। घटना में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की जाए।