कौशांबी : माफिया अतीक के करीबी पूर्व ब्लॉक प्रमुख को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोखराज कोतवाली के लोहरा गांव निवासी मो. सऊद पुत्र स्व. महफूज अहमद समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। उसकी छवि क्षेत्र के बाहुबली ब्लॉक प्रमुखों में की जाती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के करीबी व ब्लॉक प्रमुख रहे मो. सऊद को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्व प्रमुख के खिलाफ मुंबई के साइन थाने में हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज था। प्रमुख की गिरफ्तारी से समर्थकों में रोष है।
कोखराज कोतवाली के लोहरा गांव निवासी मो. सऊद पुत्र स्व. महफूज अहमद समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। उसकी छवि क्षेत्र के बाहुबली ब्लॉक प्रमुखों में की जाती है। प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद से करीबी रिश्ते के कारण सऊद अक्सर चर्चा में रहते थे। सऊद के बाद उसकी पत्नी जीबी सऊद भी ब्लॉक प्रमुख रही। मूरतगंज ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर दस साल तक सऊद व उसके परिवार का कब्जा रहा।
बृहस्पतिवार को साइन (मुंबई) थाने के सहायक इंस्पेक्टर विकास शिवाजी जाधव ने कोखराज पुलिस के सहयोग से सऊद को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर जाधव ने बताया सऊद के खिलाफ साइन थाने में मुकदमा अपराध संख्या 191/22 में आईपीसी की धारा 307, 506 समेत आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। इसके तहत पूर्व ब्लाक प्रमुख मो. सऊद की गिरफ्तारी कर मेडिकल कराया गया। इसके बाद सऊद को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिस रिमांड बनवाने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में सपुर्द कर दिया गया।
चार सदस्यीय टीम ने की घेराबंदी
मुंबई पुलिस के सहायक इंस्पेक्टर विकास शिवाजी जाधव के नेतृत्व में बुधवार को ही चार सदस्यीय टीम ने जिले में डेरा डाल दिया था। पुलिस ने सऊद के ठिकानों पर नजर बनाए रखी। गिरफ्तारी का ऑपरेशन पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था। बृहस्पतिवार को जब सऊद के गिरफ्तारी की जानकारी समर्थकों को लगी तो लोग दंग रह गए। सऊद को जब मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया तो वहां समर्थकों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर वापस घर भेजा।