परसरा बस स्टैंड से प्रयागराज और चित्रकूट जैसे शहर के लिए रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सीधी बस सेवा अगले दो दिनों में शुरू हो सकती है। परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। निर्धारित समय सारणी के अनुसार परसरा बस स्टेशन से चित्रकूट के लिए सुबह साढ़े पांच बजे और प्रयागराज के लिए सुबह छह बजे सीधी बसें संचालित की जाएंगी। इस नई व्यवस्था से न केवल आम यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि सुबह-सुबह मार्केट करने वाले व्यवसायी वर्ग को भी बड़ा लाभ मिलेगा।हालांकि इस रूट से बांदा, कर्वी और बनारस के लिए भी बसें गुजरती हैं, लेकिन यहां से निर्धारित समय पर सीधी सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। दरअसल, इसी वर्ष आठ जुलाई को परसरा बस स्टेशन को मंझनपुर बस डिपो को हैंडओवर किया गया था। इसके बाद से इस रूट से गुजरने वाली बसों का यहां ठहराव तो सुनिश्चित हो गया था, लेकिन इस नए स्टेशन से किसी भी बस का नियमित संचालन शुरू नहीं हो सका था। अब यात्रियों की सुविधा के लिए रात्रि स्टॉप के बाद यहां से सुबह बसें रवाना होंगी।
परसरा बस स्टेशन से प्रयागराज और चित्रकूट के लिए सीधे बस सेवा संचालित किया जाएगा। आगामी दो दिनों में इसकी सूचना और संचालन का समय बस स्टेशन में लगवा दी जाएगी।-- गंगा शंकर शर्मा, बस डिपो, मंझनपुर