कौशाम्बी : कार की टक्कर से डीसीएम चालक और हेल्पर की मौत, अल्टरनेटर साफ करने उतरे थे दोनों
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अटसरॉय हाईवे के पास बुधवार रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे खड़े डीसीएम चालक और हेल्पर को टक्कर मार दी। इसमें दोनों की माैत हो गई।
विस्तार
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अटसरॉय हाईवे के पास बुधवार रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे खड़े डीसीएम चालक और हेल्पर को टक्कर मार दी। इसमें दोनों की माैत हो गई। सैनी थाना क्षेत्र के अटसरॉय निवासी रोहित (30) पुत्र अमृतलाल डीसीएम चालक था। वह अपने मौसेरे भाई प्रदीप कुमार (32) पुत्र रामेश्वर निवासी नौड़िया थाना कोखराज के साथ कानपुर गया था। दोनों चकर मंडी से डीसीएम में सेब लादकर प्रयागराज वापस लौट रहे थे।
मंगलवार की रात दोनों डीसीएम को हाईवे किनारे खड़ा कर का अल्टरनेटर साफ करने के लिए उतरे।अटसरॉय हाईवे पर उनकी डीसीएम पहुंची तो रोहित और प्रदीप हाईवे किनारे गाड़ी खड़ी कर अल्टरनेटर साफ करने लगे।
इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार दोनों को रौंदते हुए डिवाइडर से जा टकराई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी सिराथू ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंचे रोहित के पिता अमृतलाल की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीसीएम और कार को कब्जे में लेकर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर सैनी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम मचा है।
राशन लदे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आया फाइनेंसर, मौत
एयरपोर्ट कोतवाली के रावतपुर गांव में बुधवार दोपहर ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार फाइनेंसर सरकारी राशन लदे ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चालक समेत ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
उतरांव कोतवाली क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी अभिषेक कुमार (21) पुत्र सुशील कुमार उत्कर्ष फाइनेंस कंपनी में फाइनेंसर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को वह बाइक से एयरपोर्ट कोतवाली के रावतपुर गांव जा रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे यूनाइटेड मेडी सिटी अस्पताल के पास पहुंचने पर आगे चल रहे सरकारी राशन लदे ट्रक को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। पहिए के नीचे आने से अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर करीब सौ मीटर दूर स्थित रावतपुर चौकी प्रभारी सूरज प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वैभव सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। फिलहाल चालक को हिरासत में लेकर हादसे की जांच की जा रही है।