अपर पुलिस महानिदेश लखनऊ के यहां से आई फोन काल पर फर्जी सूचना देना चक मानिकपुर सैयदराजे गांव के ग्राम प्रधान को मंहगी पड़ गई। पुलिस ने प्रधान के खिलाफ भ्रामक सूचना फैलानी की रिपोर्ट दर्ज कर दी है। सैनी क्षेत्र के चक मानिकपुर सैयदराजे के ग्राम प्रधान धारा सिंह पटेल का कहना है कि तीन दिन पहले उसके पास लखनऊ से एक फोन आया था। फोन पर पुलिस अफसर ने गांव के बारे में जानकारी ली। पूछा कि आपके यहां कितने लोग बाहर से आए हैं। उसने बताया कि गांव के क्वांटरिंग सेंटर पर 27 लोग रखे गए हैं। इसके बाद सैनी पुलिस ने अपने आला अधिकारियो के निर्देश पर रविवार की शाम उसके खिलाफ भ्रामक सूचना देने का मामला दर्ज कर दिया।
सैनी कोतवाल प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रधान पर लखनऊ से आई काल में फर्जी तरीके से भ्रामक सूचना दिए जाने का गंभीर आरोप है। उसके गांव में एक भी जमाती नहीं है। इसके बाद भी उसने शासन को 12 जमाती होने की फर्जी सूचना देकर गैर जिम्मेंदाराना कार्य किया है। कोतवाल ने बताया कि प्रधान के खिलाफ अफवाह फैलाने का मामला पंजीकृत किया गया है। उधर प्रधान ने दर्ज की गई पुलिस की रिपोर्ट पर आश्चर्य जताया है। उसका कहना है कि उससे जमातियों के बारे में पूछा गया था। पर,उसने बताया था कि उसके गांव में एक भी मुस्लिम ही नहीं है, फिर जमाती की बात कहां से आ गई।